PAK vs SL : दिनेश चांदीमल शतक से चूके, श्रीलंका 315/6

punjabkesari.in Sunday, Jul 24, 2022 - 06:55 PM (IST)

गॉल : श्रीलंका ने दिनेश चांदीमल (80), एंजेलो मैथ्यूज़ (42) और निरोशन डिकवेला (42 नाबाद) की पारियों की बदौलत पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक रविवार को 315 रन बना लिए। 

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और सलामी बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। गॉल की पिच पहले टेस्ट मैच की तरह स्पिन गेंदबाजों की सहायता नहीं कर रही थी, जिसका फायदा उठाते हुए ओशादा फर्नांडिस ने तेजी के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया, हालांकि वह 50 रन पर पहुंचते ही आउट हो गए। फर्नांडिस ने 70 गेंदों की अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। 

फर्नांडिस के बाद कुशल मेंडिस (3) जल्द आउट हो गए और डिमुथ करुणारत्ने (40) भी थोड़ी देर बाद यासिर शाह की गेंद पर रिवर्स स्वीप लगाने के प्रयास में पवेलियन लौट गए। इसके बाद मैथ्यूज और चांदीमल ने विकेट पर समय बिताते हुए चौथे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की। मैथ्यूज ने 42 रन की अपनी पारी में 106 गेंदें खेलकर पांच चौके लगाए, जबकि चांदीमल ने 137 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की बदौलत 80 रन बनाए। 

दिन का खेल खत्म होने से पहले नसीम शाह ने धनन्जय डि सिल्वा को आउट करते हुए श्रीलंका का छठा विकेट गिराया। स्टंप्स के समय डिकवेला 42 रन बनाकर जबकि डुनिथ वेलालागे छह रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। श्रीलंका का स्कोर 315/6 है। श्रीलंका ने दिन में जहां तेजी से रन बनाए, वहीं पाकिस्तान भी सपाट पिच पर नियमित रूप से विकेट निकालकर खुश होगी। 
 

Content Writer

Sanjeev