पाकिस्तान क्रिकेट को झटका, टी20 वर्ल्ड कप में भारत से मैच नहीं खेला तो होगा भारी नुकसान
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 09:54 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) भारत के खिलाफ होने वाले T20 वर्ल्ड कप मुकाबले का बहिष्कार करता है, तो उसे भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) इस फैसले पर PCB पर सख्त आर्थिक जुर्माना लगा सकती है, जिससे बोर्ड की फाइनेंशियल स्थिति पर बड़ा असर पड़ेगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच T20 वर्ल्ड कप का यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है, लेकिन पाकिस्तान ने इस मैच से दूरी बनाने का फैसला किया है।
ICC से मिलने वाली रकम पर खतरा
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, ICC के मौजूदा वित्तीय चक्र (2024-27) में पाकिस्तान को करीब 144 मिलियन अमेरिकी डॉलर मिलने हैं। इसमें से हर साल लगभग 38 मिलियन डॉलर PCB को दिए जाते हैं।
हालांकि अभी तक यह राशि PCB को आर्थिक रूप से मजबूत बनाए हुए है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की स्थिति में ICC इस हिस्से में कटौती कर सकती है।
'अगर ICC भारत के खिलाफ मैच न खेलने पर पाकिस्तान को दंडित करता है, तो PCB को भारी वित्तीय झटका लग सकता है। मौजूदा साइकिल में ICC से मिलने वाली रकम लगभग 40 अरब पाकिस्तानी रुपये के बराबर है,' — सूत्र
T20 और ODI वर्ल्ड कप की रकम अब तक नहीं मिली
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि PCB को अभी तक 2026 T20 वर्ल्ड कप, 2027 वनडे वर्ल्ड कप की ICC हिस्सेदारी नहीं मिली है। ऐसे में ICC यहीं से जुर्माना काट सकती है।
'PCB को इस साल के T20 वर्ल्ड कप और अगले साल के 50 ओवर वर्ल्ड कप की हिस्सेदारी अभी मिलनी बाकी है और यहीं ICC वित्तीय दंड लगा सकती है,' — सूत्र
भारत के खिलाफ मैच पर सरकार का रुख साफ
पाकिस्तान सरकार ने रविवार को साफ कर दिया कि टीम को T20 वर्ल्ड कप में खेलने की अनुमति है, लेकिन भारत के खिलाफ मुकाबले में उतरने की इजाजत नहीं दी गई है।
ICC नियमों के मुताबिक, अगर किसी टीम का कप्तान टॉस के लिए मैदान पर नहीं पहुंचता, तो उस मैच को फॉरफिट माना जाएगा और विरोधी टीम को पूरे अंक मिलेंगे।
भारत प्रोटोकॉल के तहत करेगा तैयारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टीम इंडिया तय प्रोटोकॉल का पालन करेगी। भारतीय टीम श्रीलंका जाएगी, अभ्यास सत्रों में हिस्सा लेगी, प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी; इसके बाद मैच रेफरी के आधिकारिक रूप से मुकाबला रद्द करने का इंतजार किया जाएगा।

