पैरा रिकर्व तीरंदाज पूजा ने भारत के लिए जीता ऐतिहासिक रजत पदक

punjabkesari.in Monday, Feb 28, 2022 - 03:23 PM (IST)

दुबई : पैरा रिकर्व तीरंदाज पूजा जत्यान ने दुबई में रविवार को संपन्न 2022 विश्व तीरंदाजी पैरा चैंपियनशिप में व्यक्तिगत रिकर्व महिला स्पर्धा में भारत के लिए ऐतिहासिक रजत पदक जीता। 2022 विश्व तीरंदाजी पैरा चैंपियनशिप में व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में पहुंच कर पहले ही इतिहास रचने वाली हरियाणा के गुरुग्राम की रहने वाली 24 वर्षीय पूजा ने फाइनल में पैरालंपिक 2020 की रजत पदक विजेता इटली की विन्सेंजा पेट्रिली के खिलाफ कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन वह 3-7 (24-24, 23-21, 26-28, 24-26, 25-27) से हार गईं और रजत पदक हासिल किया। 

पूजा ने हालांकि मैच की शुरुआत में 3-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन फिर उनके कुछ निशाने सात पर लगे, जिसने प्रतिद्वंद्वी को मैच में वापसी का मौका दिया। पूजा ने पदक जीतने के बाद भारतीय पैरालंपिक समिति के साथ बातचीत में कहा, ‘फाइनल खेलना और रजत पदक के साथ घर वापस जाना बहुत अच्छा था, हालांकि स्वर्ण पदक हारने से थोड़ी निराशा हुई, लेकिन मैंने कड़ा संघर्ष किया। मैं अगली बार स्वर्ण जीतने की पूरी कोशिश करूंगी। इवेंट में आकर, मुझे व्यक्तिगत वर्ग में पदक की उम्मीद नहीं थी, बल्कि मिश्रित वर्ग में थी, जिसमें मेरी और हैरी भैया (हरविंदर सिंह) की मजबूत जोड़ी थी।' 

इससे पहले पूजा ने ब्रिटेन की 49 वर्षीय पैरालंपियन तीरंदाज हेजल चैस्टी को 6-2 से हराया। उनके पास अपनी हमवतन एवं पैरालंपियन पूजा खन्ना के साथ महिला युगल के कांस्य पदक मैच में चैंपियनशिप में दूसरा पदक जीतने का भी मौका था, लेकिन उनकी जोड़ी मंगोलिया के खिलाफ लड़खड़ा गई। इस बीच श्याम सुंदर स्वामी और ज्योति बलियान के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने मिश्रित कंपाउंड टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीता। चैंपियनशिन में व्यक्तिगत रिकर्व पुरुष स्पर्धा का स्वर्ण पदक जापान के उयामा टोमोहिरो ने जीता। उन्होंने फाइनल में फ्रांस के टौकोलेट गुइल्यूम को रोमांचक वन-ऐरो शूट-ऑफ में 6-5 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 

Content Writer

Sanjeev