कर्नाटक के केवी अनीश को सिर से टक्कर मारने के बाद पारस डोगरा ने का बयान आया सामने

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 07:36 PM (IST)

हुबली : जम्मू कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने रणजी ट्रॉफी के फाइनल के दूसरे दिन मैदान पर कर्नाटक के खिलाड़ी केवी अनीश को सिर से टक्कर (हेड बट) मारने को कोई तवज्जो नहीं दी और कहा कि यह कोई 'बड़ी बात' नहीं है। प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर चौका लगाने के कुछ ही देर बाद डोगरा की स्थानापन्न फील्डर अनीश के साथ तीखी बहस हुई। इसके बाद उन्होंने अनीश के हेलमेट पर सिर से टक्कर मार दी। जम्मू कश्मीर में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक छह विकेट पर 527 रन बनाए हैं। 

डोगरा ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, 'हमारी टीम अभी बहुत अच्छी स्थिति में है और मेरे लिए यही मायने रखता है। ऐसा (हेड बट) होता रहता है विशेष कर तब जबकि आप फाइनल या इस तरह का कोई मैच खेल रहे हों।' उन्होंने कहा, 'ऐसा क्षणिक आवेश में हुआ। कोई बड़ी बात नहीं थी। अब सब ठीक हो गया है। यह क्षणिक घटना थी। उसके बाद हमने बातचीत शुरू कर दी थी, इसलिए सब ठीक है।' 

डोगरा ने कहा कि जम्मू कश्मीर की टीम पहली पारी के बढ़त के आधार पर फाइनल मुकाबले का परिणाम अपने पक्ष में करने के लिए यथासंभव लंबे समय तक बल्लेबाजी करने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा, 'हमने कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है। हम पहली पारी की बढ़त के आधार पर भी अनुकूल परिणाम हासिल कर सकते हैं। इसलिए हम यथासंभव लंबे समय तक बल्लेबाजी करने की कोशिश करेंगे।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News