संन्यास के तुरंत बाद मुंबई इंडियंस से जुड़े पार्थिव पटेल, टीम ने कहा - उनका अनुभव काम आएगा

punjabkesari.in Thursday, Dec 10, 2020 - 08:25 PM (IST)

मुंबई : भारत और गुजरात के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल गुरुवार को ‘टैलेंट स्काउट'  के रूप में इंडियन प्रीमियर लीग की मौजूदा चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस से जुड़ गए। मुंबई इंडियंस ने बयान में कहा कि पार्थिव को दो दशक से भी अधिक समय तक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने का अपार अनुभव है। इसके अलावा उन्हें आईपीएल प्रतियोगिता की भी अच्छी समझ है।

मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने कहा कि वह पार्थिव के फ्रेंचाइजी से जुड़ने से खुश हैं। उन्होंने कहा कि जब वह मुंबई इंडियंस की तरफ से खेला करते थे तब हमें उनकी क्रिकेट की समझ को जानने का मौका मिला था। उन्हें क्रिकेट का गहरा ज्ञान है और इससे मैं हमारे नई प्रतिभा खोजने के कार्यक्रम में उनके योगदान के प्रति आश्वस्त हूं।

पार्थिव ने कहा कि मैंने मुंबई इंडियंस की तरफ से खेल का पूरा आनंद लिया था। इस चैंपियन टीम के साथ तीन साल तक बिताये गये वे पल अब भी मेरे जेहन में हैं। यह मेरी जिंदगी का नया अध्याय शुरू करने का समय है। मैं मुंबई इंडियंस प्रबंधन से मिले इस मौके को लेकर उत्साहित, आश्वस्त और आभारी हूं। मुंबई ने 2015 और 2017 में जब आईपीएल ट्राफी जीती थी तब पार्थिव उसका हिस्सा थे।

Raj chaurasiya