IPL 2026: PBKS सपोर्ट स्टाफ का बड़ा खुलासा, फिटनेस समस्याओं से परेशान थे अर्शदीप सिंह
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 12:34 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : पंजाब किंग्स के स्टार तेज गेंदबाज Arshdeep Singh का IPL 2026 सीजन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। एक तरफ वह टीम के सबसे सफल गेंदबाज बने हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ लगातार विवादों और सोशल मीडिया आलोचनाओं के कारण भी चर्चा में रहे। RCB के खिलाफ धर्मशाला में होने वाले अहम मुकाबले से पहले पंजाब किंग्स के हेड ऑफ स्पोर्ट्स साइंस एंड्रयू लीपस ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि अर्शदीप पहले पूरी तरह फिट नहीं थे, जिसका असर उनके प्रदर्शन पर पड़ा।
फिटनेस ने बिगाड़ा अर्शदीप का लय
एंड्रयू लीपस ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि टीम मैनेजमेंट लगातार अर्शदीप की बॉडी कंडीशन पर काम कर रहा था। उन्होंने कहा, 'हम लगातार उनके साथ काम कर रहे थे और उनकी बॉडी में किसी तरह की परेशानी या रुकावट को समझने की कोशिश कर रहे थे, जो उनके प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव की वजह बन रही थी। हमें लगता है कि अब हमने सही चीज पहचान ली है। पिछले कुछ हफ्तों में वह शारीरिक रूप से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं।'
सोशल मीडिया विवादों में घिरे रहे अर्शदीप
इस सीजन अर्शदीप सिंह कई विवादों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे। शशांक सिंह के कैच छोड़ने पर मजाक, फ्लाइट में युजवेंद्र चहल के कथित वेपिंग वीडियो वाले व्लॉग, मुंबई इंडियंस के तिलक वर्मा को लेकर विवादित टिप्पणी; इन घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर लगातार उनकी आलोचना हुई और ड्रेसिंग रूम में तनाव की अफवाहें भी सामने आईं।
‘अर्शदीप का रवैया बिल्कुल नहीं बदला’
हालांकि एंड्रयू लीपस ने साफ कहा कि सोशल मीडिया विवादों का अर्शदीप के व्यवहार पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने कहा, 'मैं जानता हूं कि पर्दे के पीछे काफी बातें चल रही हैं — व्लॉगिंग और बाकी चीजों को लेकर। लेकिन व्यवहार और रवैये के मामले में अर्श बिल्कुल वैसे ही हैं। वह न ज्यादा ऊपर जाते हैं और न नीचे गिरते हैं। वह मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। ड्रेसिंग रूम में वह हमेशा की तरह काफी ऊर्जावान और शांत हैं।'
ICC के फोन नियम की तारीफ
लीपस ने खिलाड़ियों के टीम माहौल में फोन इस्तेमाल को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ICC का खिलाड़ियों से फोन दूर रखने का फैसला बेहतरीन कदम था।
उन्होंने कहा, 'ICC ने खिलाड़ियों से फोन दूर रखने का जो फैसला लिया, वह सबसे अच्छे फैसलों में से एक था। टीम माहौल के अंदर यह कोई समस्या नहीं होती, लेकिन बाहर जाकर यह बड़ा मुद्दा बन जाती है। मैंने भी कई अफवाहें सुनी हैं और शायद यह ऐसा मामला है जिस पर ध्यान देने की जरूरत है।'
PBKS के लिए सबसे सफल गेंदबाज
फॉर्म में निरंतरता नहीं होने के बावजूद अर्शदीप सिंह पंजाब किंग्स के सबसे सफल गेंदबाज बने हुए हैं। उन्होंने IPL 2026 में अब तक 12 मैचों में 13 विकेट लिए हैं। वह पर्पल कैप की रेस में 14वें स्थान पर हैं। उनका औसत 34.30 का रहा है। धर्मशाला की तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिच पर पंजाब किंग्स को उम्मीद होगी कि अर्शदीप एक बार फिर अपनी लय हासिल करें और टीम को जीत की राह पर वापस लाएं।

