IPL 2026 : दिल्ली ने पंजाब को 3 विकेट से हराया, मिलर-अक्षर ने खेली शानदार पारी

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 12:57 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : अक्षर पटेल (56) और डेविड मिलर (51) की विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 55वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को छह गेंदें शेष रहते तीन विकेट से हराकर अपनी प्ले ऑफ की उम्मीद को जिंदा रखा। पंजाब किंग्स की यह लगातार चौथी हार है। धर्मशाला में आज तक आईपीएल में 200 से अधिक का लक्ष्य चेज़ नहीं किया गया था और दिल्ली कैपिटल्स के सामने 211 का लक्ष्य भी था। पावरप्ले में ही दिल्ली कैपिटल्स ने तीन विकेट गंवा दिए थे और ट्रिस्टन स्टब्स दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट भी हो गए थे।

दिल्ली कैपिटल्स पर दबाव लगातार बढ़ता ही जा रहा था लेकिन यहां से अक्षर और मिलर ने पारी को संभाला। अक्षर अर्धशतक बनाकर आउट हो गए और इसके बाद आक्रमण की जिम्मेदारी मिलर ने संभाली। हालांकि मिलर भी अर्धशतक बनाकर आउट हो गए।आखिरी ओवरों में माधव तिवारी आठ गेंदों में (नाबाद 18) और आशुतोष शर्मा 10 गेंदों में 24 रन की विस्फोटक बल्लेबाजी ने दिल्ली कैपिटल्स को जीत के करीब पहुंचा दिया। आशुतोष शर्मा ने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाये।

वहीं माधव तिवारी ने दो चौके और एक छक्का लगाये। आशुतोष के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आये आकिब नबी ने दो गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से (नाबाद 10) रन बनाये। उन्होंने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर मैच विजयी छक्का लगाया। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स अभी भी प्लेऑफ़ की दौड़ में जीवित है।  211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 33 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। अभिषेक पोरेल (पांच) को यश ठाकुर ने बोल्ड किया। केएल राहुल (नौ) और साहिल पारेख (13) को अर्शदीप सिंह ने आउट किया। इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया।

इसी दौरान 12वें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स (12) रनआउट हुये। 74 रन पर चार विकेट गंवा कर संकट में फंसी दिल्ली के लिए डेविड मिलर और अक्षर पटेल की जोड़ी ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तेजी के साथ रन बटोरे। 14वें ओवर में माकर्स स्टॉयनिस ने अक्षर पटेल को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट लिए 64 रनों की साझेदारी हुई। अक्षर पटेल ने 30 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 56 रनों की पारी खेली। 17वें ओवर में डेविड मिलर आउट हुये। डेविड मिलर ने 28 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 51रन बनाये।

दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवरों में सात विकेट पर 216 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इससे पहले आज यहां दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की। सातवें ओवर में मुकेश कुमार ने प्रभसिमरन सिंह (18 ) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद नौवें ओवर में माधव तिवारी ने प्रियांश आर्य को अपना शिकार बना लिया।

प्रियांश आर्य ने 33 गेंदों में दो चौके और छह छक्के उड़ाते हुए 56 रन बनाये। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और कूपर कॉनली ने तीसरे विकेट लिए 83 रन जोड़े। 18वें ओवर में माधव तिवारी ने कॉनली को आउट कर इस साझेदारी को अंत किया। कॉनली ने 27 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 33 रन बनाये। 19वें ओवर में मिचेल स्टाकर् ने माकर्स स्टॉयनिस (एक) और शशंका सिंह (शून्य) का शिकार कर पंजाब के रनों रफ्तार को रोकने का प्रयास किया। पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 210 रन बनाये। श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 59 रनों पारी खेली। सूर्यांश शेडगे ने आठ गेंदों में नाबाद 21 रन बनाये। दिल्ली कैपिटल्स के लिए माधव तिवारी और मिचेल स्टाकर् ने दो-दो विकेट लिये। मुकेश कुमार ने एक बल्लेबाज को आउट किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News