''पेट्रोल शॉर्टेज लीग'' : PSL 2026 में इन बदलावों के बाद उड़ रहा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का मजाक

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 12:30 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : पाकिस्तान सुपर लीग 2026 शुरू होने से ठीक पहले एक ऐसा फैसला सामने आया, जिसने क्रिकेट फैंस को चौंका भी दिया और सोशल मीडिया पर बहस भी छेड़ दी। Pakistan Cricket Board (PCB) ने ऐलान किया कि इस बार टूर्नामेंट बंद दरवाज़ों के पीछे खेला जाएगा। 26 मार्च से शुरू होने वाली इस लीग को सिर्फ दो वेन्यू तक सीमित कर दिया गया है। इसके पीछे वजह बताई गई है बढ़ता ईंधन संकट, लेकिन इस फैसले के बाद PCB को जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।

क्यों लिया गया इतना बड़ा फैसला?

PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि देश में फ्यूल की कमी के चलते यह कदम उठाना पड़ा। सरकार की ओर से भी नागरिकों से कम यात्रा करने की अपील की गई है। हालात ऐसे हैं कि स्कूल बंद, वर्क फ्रॉम होम लागू और ईद की छुट्टियां बढ़ाने जैसे फैसले लिए गए हैं। प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने भी लोगों से संयम बरतने की अपील की है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर अब आम जीवन पर दिखने लगा है। 

बिना दर्शकों के होगी PSL 2026

PCB ने स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट अपने तय शेड्यूल पर ही खेला जाएगा, लेकिन सभी मुकाबले खाली स्टेडियम में होंगे। इतना ही नहीं, इस बार का उद्घाटन समारोह भी रद्द कर दिया गया है, जो आमतौर पर PSL का एक बड़ा आकर्षण होता है।
सुरक्षा एजेंसियों और सरकारी सलाह के बाद यह निर्णय लिया गया है। 

अंतरराष्ट्रीय हालात का असर

रिपोर्ट्स के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी तनाव—जहां ईरान से जुड़े संघर्ष में अमेरिका और इज़राइल की भागीदारी—ने कई देशों में सप्लाई चेन को प्रभावित किया है। इसका सीधा असर ईंधन की उपलब्धता पर पड़ा है, जिससे पाकिस्तान समेत कई एशियाई देशों में हालात मुश्किल हो गए हैं।

सोशल मीडिया पर उड़ा मजाक

PCB के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। खासकर Iceland Cricket ने अपने मजाकिया अंदाज़ में लिखा, “PSL का असली मतलब अब ‘Petrol Shortage League’ है।” इस ट्वीट के बाद यह नाम तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने भी मीम्स और कमेंट्स के जरिए PCB को ट्रोल करना शुरू कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News