IPL 2026: RCB को मिली बड़ी राहत, प्लेऑफ से पहले विस्फोटक ओपनर की वापसी तय
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 02:49 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्कः रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए IPL 2026 प्लेऑफ से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है। टीम के विस्फोटक इंग्लिश ओपनर फिल सॉल्ट जल्द ही स्क्वॉड से जुड़ सकते हैं। उंगली की चोट के कारण लंबे समय से बाहर चल रहे सॉल्ट के इस हफ्ते टीम कैंप में वापसी करने की संभावना है।
RCB पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है और टीम अंक तालिका में टॉप-2 में जगह बनाने की मजबूत दावेदार मानी जा रही है। ऐसे में फिल सॉल्ट की वापसी टीम के लिए बड़ा बूस्ट साबित हो सकती है।
LSG के खिलाफ खेलना अभी तय नहीं
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल सॉल्ट इस सप्ताह RCB कैंप से जुड़ जाएंगे। हालांकि 23 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ होने वाले आखिरी लीग मैच में उनके खेलने को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। माना जा रहा है कि वह प्लेऑफ मुकाबलों तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे। चाहे RCB क्वालिफायर-1 खेले या एलिमिनेटर, टीम को बड़े मैचों में सॉल्ट की जरूरत महसूस होगी।
चोट से पहले शानदार फॉर्म में थे सॉल्ट
फिल सॉल्ट चोटिल होने से पहले शानदार फॉर्म में चल रहे थे। उन्होंने IPL 2026 में 6 पारियों में 202 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 33.66 और स्ट्राइक रेट 168.33 का रहा। उन्होंने सीजन में दो अर्धशतक भी लगाए थे। विराट कोहली के साथ उनकी आक्रामक ओपनिंग साझेदारी ने RCB को कई मैचों में तेज शुरुआत दिलाई थी।
बेटेल फ्लॉप, जॉर्डन कॉक्स को नहीं मिला मौका
सॉल्ट की गैरमौजूदगी में इंग्लैंड के ही बल्लेबाज जैकब बेटेल को मौके मिले, लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। बेटेल ने 7 मैचों में सिर्फ 96 रन बनाए हैं। उनका औसत 13.71 और स्ट्राइक रेट 124.67 रहा। दूसरी ओर जॉर्डन कॉक्स अब तक IPL डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें कई बार इम्पैक्ट प्लेयर की सूची में रखा गया, लेकिन प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली।
कप्तान रजत पाटीदार भी करेंगे वापसी
RCB के कप्तान रजत पाटीदार भी LSG के खिलाफ मुकाबले में वापसी करने के लिए तैयार हैं। KKR के खिलाफ मैच में कार्तिक त्यागी की बाउंसर लगने के बाद वह बाहर हो गए थे। हालांकि उनकी गैरमौजूदगी में वेंकटेश अय्यर ने शानदार 70 रन की पारी खेली थी, जिससे टीम मैनेजमेंट के सामने प्लेइंग-11 को लेकर नई चुनौती खड़ी हो सकती है।
प्लेऑफ शेड्यूल
क्वालिफायर-1: 26 मई, धर्मशाला
एलिमिनेटर: 27 मई, मुल्लांपुर
क्वालिफायर-2: 29 मई, मुल्लांपुर
फाइनल: 31 मई, अहमदाबाद

