CWG 2018: पूजा ने रजत और दिव्या ने जीता कांस्य

punjabkesari.in Friday, Apr 13, 2018 - 02:13 PM (IST)

गोल्ड कोस्ट: भारत की पूजा ढांडा और दिव्या काकरान ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती प्रतियेागिता के दूसरे दिन शुक्रवार को क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीत लिए।  भारत ने इस तरह कुश्ती में अब तक सात पदक जीत लिए हैं। बजरंग ने इससे पहले देश को स्वर्ण पदक दिलाया था। पूजा को 57 किग्रा वर्ग के फाइनल में नाइजीरिया की ओडूनायो एडेकुरोयो से 5-7 से हार का सामना करना पड़ा। 

पूजा ने कड़ा संघर्ष किया और दूसरे राउंड में वापसी करने की भरपूर कोशिश की लेकिन वह पहले राउंड के बड़े अंतर को नहीं पाट पाई। पूजा पहले राउंड में 1-6 से पिछड़ गई। उन्होंने दूसरे राउंड में चार अंक हासिल किए और हार के अंतर को कम ही कर सकीं। हरियाणा के हिसार की 24 वर्षीय पूजा का यह पहला राष्ट्रमंडल पदक है। दिव्या ने 68 किग्रा वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में गकाब का प्रदर्शन करते हुए बंगलादेश की शैरीन सुल्ताना को मात्र 26 सेकंड में चित कर देश को एक और पदक दिला दिया।

दिल्ली की 19 वर्षीय दिव्या का भी यह पहला राष्ट्रमंडल खेल पदक है। दिव्या ने बंगलादेशी पहलवान को कोई मौका दिए बिना मैट पर पटका और उनके दोनों कंधे जमीन पर लगाकर उन्हें चित कर दिया।

Punjab Kesari