पृथ्वी शॉ ने पंजाब के खिलाफ खेली अर्धशतकीय पारी, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हासिल किया ये मुकाम

punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 01:34 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी एलीट मैच में पंजाब के खिलाफ खेलते हुए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। पृथ्वी शॉ ने महाराष्ट्र की तरफ से 74 रन की अर्धशतकीय पारी खेलते हुए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 5000 रन के आंकड़े को पार कर लिया है। इसके लिए उन्होंने कुल 109 इनिंग्स का सहारा लिया। शॉ ने पंजाब के हरप्रीत बराड़ के हाथों आउट होने से पहले 117 गेंदों का सामना किया और 74 रन की पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। 

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 5000 रन पूरे

कुल मैच - 36 
इनिंग्स - 109 
रन - 5026    
हाईएस्ट - 379 
औसत - 47.16 
स्ट्राइक रेट - 84.07 
शतक - 14 
अर्धशतक - 20 

गौर हो कि हाल ही में चण्डीगढ़ के खिलाफ शॉ ने पहली पारी में आठ रन के मामूली स्कोर के बाद दूसरी पारी में असाधारण प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 156 गेंदों पर 29 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 142.31 की स्ट्राइक रेट से 222 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 73 गेंदों में अपना शतक और 141 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया जो 21वीं सदी में रणजी ट्रॉफी की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 2019/20 में वडोदरा के रिलायंस स्टेडियम में बड़ौदा के खिलाफ बनाए गए 174 गेंदों के अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। भारत की प्रमुख प्रथम श्रेणी प्रतियोगिता के 91 साल के इतिहास में केवल रवि शास्त्री द्वारा 1984 में बॉम्बे के लिए बड़ौदा के खिलाफ खेली गई पारी ही इससे तेज थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev