कुलदीप यादव को वनडे में कम मौके मिलने पर पुजारा का बड़ा बयान, बल्लेबाजी को लेकर उठाए सवाल

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 02:55 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय टीम के अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव को वनडे क्रिकेट में लगातार मौके नहीं मिल पा रहे हैं। अब पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने इसकी एक बड़ी वजह बताई है। उनका मानना है कि कुलदीप गेंदबाजी में शानदार हैं, लेकिन बल्लेबाजी में उतने प्रभावी नहीं हैं। वहीं, पूर्व भारतीय कोच अभिषेक नायर ने वनडे क्रिकेट में गेंदबाजों की भूमिका को अहम बताया है।

कुलदीप यादव को वनडे में क्यों नहीं मिल रहे मौके?

भारतीय टीम ने इस साल वनडे क्रिकेट में कुलदीप यादव को सीमित मौके दिए हैं। वह 12 मुकाबलों में से 5 मैचों में प्लेइंग इलेवन से बाहर रहे हैं। खासकर विदेशी परिस्थितियों में टीम मैनेजमेंट ने ऐसे खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है, जो गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकें।

चेतेश्वर पुजारा ने बल्लेबाजी को बताया बड़ी वजह

चेतेश्वर पुजारा के मुताबिक, वनडे क्रिकेट में टीम के लिए निचले मध्यक्रम में बल्लेबाजी के विकल्प होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि वनडे क्रिकेट में टीम को गहराई की जरूरत होती है, खासकर जब आप भारत के बाहर खेलते हैं। किसी भी टीम का संतुलन तभी बेहतर होता है, जब उसके पास सातवें और आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने का विकल्प हो।'

'कुलदीप अच्छे गेंदबाज हैं, लेकिन बल्लेबाजी में कमजोर'

पुजारा ने कुलदीप यादव की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए उनकी बल्लेबाजी को टीम में सीमित मौकों की वजह बताया। उन्होंने कहा, 'सातवें नंबर पर एक ऑलराउंडर होना चाहिए और आठवें नंबर पर ऐसा गेंदबाज होना चाहिए, जो थोड़ी बल्लेबाजी भी कर सके। कुलदीप बहुत अच्छे गेंदबाज हैं, लेकिन उनकी बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं है। इसलिए भारतीय टीम हमेशा आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी की तलाश में रहती है।'

अभिषेक नायर ने बताई पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों की अहमियत

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सहायक कोच रह चुके अभिषेक नायर ने वनडे क्रिकेट में पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ उतरने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए बताया कि बड़े टूर्नामेंट जीतने के लिए गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होना बेहद जरूरी है।

'वनडे में गेंदबाज ही आपको टूर्नामेंट जिताते हैं'

अभिषेक नायर ने कहा, 'टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजी की गहराई जरूरी होती है, क्योंकि वहां आप आक्रामक क्रिकेट खेलते हैं। लेकिन वनडे क्रिकेट में आपके पास परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने का समय होता है। मेरे मुताबिक, अगर आप विकेट नहीं लेते हैं, तो आपकी बल्लेबाजी कितनी भी लंबी क्यों न हो, बहुत कम टीमें सातवें या आठवें बल्लेबाज के दम पर चैंपियन बनती हैं।'

ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी का दिया उदाहरण

नायर ने आगे कहा, 'हालांकि, कई बार ऐसा हुआ है कि पांचवें गेंदबाज ने आपको चैंपियन बनाया है। पिछले वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा अंतर ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी ने पैदा किया था। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर भारत को रोक दिया और फिर खिताब जीत लिया। इसलिए मेरे लिए वनडे क्रिकेट में गेंदबाज ही आपको टूर्नामेंट जिताते हैं।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News