पंजाब किंग्स का बड़ा प्लेयर फ्लाइट में ई-सिगरेट पीते पकड़ा गया, सामने आया वीडियो

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 08:07 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : पंजाब किंग्स के स्पिनर युजवेंद्र चहल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह ई-सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। हालांकि यह साफ तौर पर नजर तो नहीं आ रहा लेकिन धूएं ने यह साफ कर दिया कि यह ई-सिगरेट हो सकती है। टीम के एक ट्रैवल व्लॉग का एक वायरल क्लिप सामने आया जिसमें वह टीम के साथ हैदराबाद जाते समय फ्लाइट के अंदर वेपिंग कर रहे थे। रियान पराग के वेपिंग विवाद के बीच इस घटना ने तुरंत ही ऑनलाइन लोगों में गुस्सा भड़का दिया। 

यह फुटेज तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के YouTube पर डाले गए 'बिहाइंड-द-सीन्स' (पर्दे के पीछे के) ट्रैवल व्लॉग में से एक से सामने आया था। अब वायरल हो रहे इस हिस्से में चहल खिड़की के पास अपने साथी खिलाड़ी शशांक सिंह के साथ बैठे दिख रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि वह अपने हाथ में कुछ छिपा रहे हैं और वेपिंग (ई-सिगरेट) करने जैसा हाव-भाव बना रहे हैं; उनके मुंह से धुएं का एक छोटा सा कश निकलता है और फिर वह खांसने लगते हैं। 

सोशल मीडिया ने शुरू में इस बात को सच मान लिया और फ्लाइट में कथित तौर पर वेपिंग करने के लिए चहल की जमकर आलोचना की, लेकिन कुछ पैनी नजर वाले यूजर्स ने यह बताया कि स्पिनर के हाथ में असल में कोई वेप नहीं, बल्कि किसी तरह का स्प्रे या मिस्ट डिवाइस लग रहा था। दिलचस्प बात यह है कि बताया जा रहा है कि मूल अपलोड में यह पूरा घटनाक्रम मौजूद थी लेकिन अर्शदीप के यूट्यूब चैनल पर अभी जो वीडियो मौजूद है, उसमें वह खास पल शामिल नहीं है। हालांकि इस घटना की एक कटी-छंटी रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अभी भी तेजी से फैल रही है।

इस घटना ने अब ऑनलाइन एक बहस छेड़ दी है। कई लोग यह सोच रहे हैं कि क्या चहल सच में वेपिंग कर रहे थे, या फिर वह क्रिकेटरों और वेपिंग को लेकर चल रही चर्चा पर मजाकिया अंदाज में तंज कस रहे थे। इससे पहले भी चहल एक दूसरे वीडियो क्लिप की वजह से वायरल हुए थे, जिसमें कथित तौर पर उन्हें एक लग्जरी गाड़ी चलाते समय सिगरेट पीते हुए दिखाया गया था। हालांकि उसका प्रमाण नहीं मिल सका था।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News