Japan Open: सिंधू, श्रीकांत और प्रणय जापान ओपन के दूसरे दौर में पहुंचे

punjabkesari.in Tuesday, Sep 11, 2018 - 05:13 PM (IST)

तोक्योः भारत की चोटी की बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू को जापान ओपन के महिला एकल के पहले दौर में बेहद मशक्कत करनी पड़ी जबकि किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय ने आसान जीत के साथ पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई। तीसरी वरीय सिंधू को स्थानीय खिलाड़ी गैरवरीय सयाका ताकाहाशी पर 21-17 7-21 21-13 की जीत के दौरान 53 मिनट तक जूझना पड़ा।          

सिंधू को अगले दौर में चीन की फांग्जी गाओ से भिडऩा होगा जिन्होंने भारत की ही जक्का वैष्णवी रेड्डी को 21-10 21-8 से हराया। एशियाई खेलों में एतिहासिक रजत पदक के दौरान एक बार फिर फाइनल में शिकस्त झेलने वाली सिंधू यहां फाइनल में हारने के क्रम को तोडऩा चाहेंगी। सिंधू को इस साल राष्ट्रमंडल खेल, विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं के फाइनल में हार के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा था।          

श्रीकांत ने हुआंग को शिकस्त दी
PunjabKesari

पुरुष एकल में प्रणय ने एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को पहले दौर में 21-18 21-17 से हराया जबकि श्रीकांत ने चीन के युशियांग हुआंग को 21-13 21-15 से शिकस्त दी। प्रणय को अगले दौर में इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका से भिडऩा है जबकि श्रीकांत हांगकांग के विन्सेंट वोंग विंग की के खिलाफ खेलेंगे। श्रीकांत और प्रणय दोनों को एशियाई खेलों के दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा था। भारत के समीर वर्मा को हालांकि कोरिया के ली डोंग क्युन के खिलाफ 18-21 22-20 10-21 से हार का सामना करना पड़ा।      

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की मिश्रित युगल जोड़ी पहले दौर में हार के साथ बाहर हो गई जबकि प्रणव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी ने अगले दौर में जगह बनाई। सात्विकसाईराज और अश्विनी को यिल्यू वैंग और डोंगपिंग हुआंग की चीन की दूसरी वरीय जोड़ी के खिलाफ 13-21 17-21 से हार झेलनी पड़ी जबकि चोपड़ा और रेड्डी ने मैथ्यू फोगार्टी और इसाबेल झोंग की मलेशिया की जोड़ी पर 21-9 21-6 की जीत के साथ दूसरे दौर में जगह बनाई।     
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rahul

Recommended News

Related News