क्वांटबॉक्स चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2026 : अलीरेज़ा फिरोज़ा बने चैंपियन

punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 10:53 PM (IST)

फ्रांस के ग्रैंडमास्टर ने सात राउंड में दो जीत और पांच ड्रॉ के साथ 4.5 अंक बनाकर अपने नाम किया खिताब
चेन्नई, 22 जुलाई। फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेज़ा फिरोज़ा ने भारत के सबसे प्रतिष्ठित क्लासिकल शतरंज टूर्नामेंट क्वांटबॉक्स चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। बुधवार को द वेस्टिन चेन्नई वेलाचेरी में खेले गए सातवें और अंतिम राउंड में उन्होंने भारत के अर्जुन एरिगैसी के खिलाफ 41 चालों में मुकाबला ड्रॉ खेलकर पहला स्थान सुनिश्चित किया।
टूर्नामेंट की शुरुआत लगातार दो जीत से करने वाले फिरोज़ा अंतिम राउंड में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों अर्जुन एरिगैसी और उज़्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से आधा अंक आगे थे। दूसरी ओर, अब्दुसत्तोरोव ने काले मोहरों से जीत हासिल कर खिताब की दौड़ में बने रहने की कोशिश की, लेकिन उन्हें रूस के दिमित्री आंद्रेइकिन के हाथों 37 चालों में हार का सामना करना पड़ा।
अब्दुसत्तोरोव की हार के बाद फिरोज़ा को खिताब जीतने के लिए केवल ड्रॉ की आवश्यकता थी। उन्होंने अर्जुन के खिलाफ रूख और प्यादे के एंडगेम में बिना कोई बड़ा जोखिम उठाए मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया और चैंपियन बनने में सफल रहे।
एमजीडी1 द्वारा आयोजित इस आमंत्रण टूर्नामेंट में आठ शीर्ष ग्रैंडमास्टर्स ने राउंड-रॉबिन प्रारूप में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 75 लाख रुपये थी और इसके साथ महत्वपूर्ण फिडे सर्किट अंक भी दांव पर थे। विजेता फिरोज़ा को 25 लाख रुपये (26,500 अमेरिकी डॉलर) की पुरस्कार राशि मिली।
दिमित्री आंद्रेइकिन ने अंतिम राउंड में जीत दर्ज कर 4 अंक के साथ अर्जुन एरिगैसी की बराबरी की। वहीं नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव, निहाल सरीन और एम. प्राणेश 3.5-3.5 अंकों के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे।
विश्व चैंपियन डी. गुकेश के लिए यह टूर्नामेंट निराशाजनक रहा। उन्होंने सात में से तीन मुकाबले गंवाए और केवल 2 अंकों के साथ अंतिम स्थान पर रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain