क्विंटन डी कॉक विश्व कप 2023 के बाद लेंगे वनडे से संन्यास

punjabkesari.in Tuesday, Sep 05, 2023 - 03:40 PM (IST)

खेल डैस्क : दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट प्रशंसकों को मंगलवार को करारा झटका लगा जब सुपरस्टार क्रिकेटर क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock) ने कहा कि वह इस साल के अंत में भारत में होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 (ICC Cricket World Cup 2023) के बाद एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों से संन्यास ले लेंगे। बीते दिनों ही डिकॉक का बिग बैश लीग (BBL) में करार हुआ था, इसके बाद 30 साल के दक्षिण अफ्रीकी स्टार बल्लेबाज ने यह ऐलान कर सबको चौका दिया।

 


डिकॉक ने अब तक खेले 140 वनडे मुकाबलों में 5966 रन बनाए हैं जिसमें 44.85 की औसत रही है। वह 17 शतक और 29 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 178 है। क्रिकेट विश्व कप के दौरान डिकॉक के अपने वनडे करियर के 6 हजार रन पूरे करने की पूरी उम्मीद है। उम्मीद है कि वह दक्षिण अफ्रीका को अपना पहला क्रिकेट विश्व कप दिलाने की पूरी कोशिश करेंगे।

 


भारत नहीं आएंगे डिकॉक
क्रिकेट विश्व कप के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने के लिए भारत आना था। अब डिकॉक की घोषणा के बाद उनके टीम के साथ नहीं आने की पुष्टि हो गई है। डिकॉक ने भारतीय टीम के खिलाफ 19 वनडे में 56 की औसत से 1072 रन बनाए हैं जिसमें 6 शतक और दो अर्धशतक भी शामिल हैं।

 

 

घोषित हुई विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम
दक्षिण अफ्रीका अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ करेगी। इससे पहले 29 सितंबर को अफगानिस्तान और 2 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच होना है।
दक्षिण अफ्रीका टीम : टेम्बा बावुमा (कप्तान), गेराल्ड कोएट्जी, क्विंटन डी कॉक, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को जानसन, हेनरिक क्लासेन, सिसंडा मगाला, केशव महाराज, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, कैगिसो रबाडा, तबरेज शम्सी, रासी वैन डेर डुसेन।

Content Writer

Jasmeet