राहुल द्रविड़ ने खरीदी क्रिकेट टीम, यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में इस फ्रेंचाइजी के मालिक बने

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 03:48 PM (IST)

डबलिन : पूर्व भारतीय कप्तान और टी20 विश्व कप विजेता कोच राहुल द्रविड़ को यूरोपियन टी20 लीग (ईटीपीएल) की टीम डबलिन गाडिर्यंस का मालिक घोषित किया गया है। यह ETPL की छह टीमों में से एक है, जो अगस्त 2026 में शुरू होने वाली छह टीमों की लीग में हिस्सा लेगी। क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन के साथ साझेदारी में शुरू की गई इस लीग में डबलिन, बेलफ़ास्ट, एडिनबर्ग, ग्लासगो, रोटडर्म और एम्स्टडर्म की टीमें शामिल हैं। 

यह यूरोप की पहली आईसीसी-मान्यता प्राप्त बहु-देशीय फ्रेंचाइजी टी20 लीग भी है। द्रविड़ ने एक बयान में कहा, 'ETPL की जो बात मुझे सबसे ज़्यादा आकर्षित कर गई, वह इसका बड़ा विजन था। इस लीग से आयरलैंड और पूरे यूरोप में ग्रासरूट डेवलपमेंट को मजबूत करके, उभरते हुए खिलाड़यिों के लिए रास्ता बनाकर क्रिकेट को आगे बढ़ाने का मौक़ा है। डबलिन में पहले से ही क्रिकेट को लेकर जुनूनी समुदाय है और यहां विकास की काफी संभावनाएं हैं। अगली पीढ़ी को तैयार करना हमेशा मेरे लिए अहम रहा है और मुझे लगता है कि ईटीपीएल इस सफ़र में अहम भूमिका निभा सकती है।' 

बॉलीवुड स्टार अभिषेक बच्चन की सह-मालिकाना वाली इस लीग में कई पूर्व और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की टीमें शामिल हैं, जिसमें ग्लेन मैक्सवेल (आयरिश वुल्व्स के सहमालिक), स्टीव वॉ (एम्स्टडर्म फ़्लेम्स के सहमालिक), नेथन मैकुलम -काइल मिल्स (एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स के मालिक), क्रिस गेल (ग्लासगो कॉस्मिक के सहमालिक) और जोंटी रोड्स-फाफ डु प्लेसी-हेनरिक क्लासेन (रोटडर्म डॉकर्स के मालिक) प्रमुख नाम हैं। डु प्लेसी और मैक्सवेल तो इस लीग में खेलते भी नजर आएंगे। उनके साथ स्टीवन स्मिथ, मिचेल मार्श, टिम डेविड, मिचेल सैंटनर और लियाम लिविंगस्टन जैसे खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। 

द्रविड़ ने कहा, 'मैं इनमें से कुछ नामों को जानता हूं, जो बेहद शानदार खिलाड़ी हैं। उनके लिए यह बेहतरीन मौका होगा कि वे आयरलैंड, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और यूरोप के स्थानीय खिलाड़यिों के साथ खेलें। मुझे लगता है कि यही अपने आप में बहुत रोमांचक अवसर है।' द्रविड़ ने कहा कि इस क्षेत्र में खेल को आगे बढ़ाने के लिए सिर्फ क्रिकेट की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि मज़बूत फ़ैन कल्चर और बेहतरीन मैच-डे अनुभव बनाना भी उतना ही ज़रूरी होगा। उन्होंने कहा, 'जमीनी स्तर पर यह जागरूकता पैदा करने, लोगों को मैदान तक लाने और उन्हें शानदार अनुभव देने की बात है। जब लोग क्रिकेट देखने आएं, तो क्रिकेट का स्तर ऊंचा होना चाहिए, लेकिन मैदान पर बाक़ी हर चीज़ का अनुभव भी बेहतर होना चाहिए क्योंकि हम कई बेहद स्थापित खेलों से मुकाबला कर रहे हैं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News