राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच ने किया रियान पराग का बचाव, उसकी बल्लेबाजी में कोई खामी नहीं है

punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 03:14 PM (IST)

जयपुर : राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने कहा कि कप्तान रियान पराग का IPL के वर्तमान सत्र में पहले आठ मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन चिंता का विषय नहीं है और उम्मीद जताई कि वह जल्द ही बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहेंगे। 

भारतीय टीम के नियमित खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल की मौजूदगी के बावजूद राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी के लिए रियान का चयन चर्चा का विषय रहा है। उन्होंने 8 मैचों में 112.82 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 88 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 20 है। राठौड़ ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच हारने के बाद पत्रकारों से कहा, 'उसकी बल्लेबाजी में कोई खामी नहीं है। वह अभ्यास के दौरान अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है। वह कड़ी मेहनत कर रहा है।' 

वैभव सूर्यवंशी (234 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 357 रन), यशस्वी जायसवाल (153 के स्ट्राइक रेट से 255 रन) और ध्रुव जुरेल (130 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 232 रन) के शानदार प्रदर्शन के सामने रियान का प्रदर्शन फीका पड़ जाता है। वह रवींद्र जडेजा (132) और डोनोवन फरेरा (130) से भी पीछे हैं। 

राठौड़ ने कहा, 'कभी-कभी खेल में ऐसा ही होता है। कभी-कभी आप ऐसे दौर से गुजरते हैं जहां आप उतने रन नहीं बना पाते जितने बनाना चाहते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि यह खेल का हिस्सा है। वह वापसी करेगा और मजबूत वापसी करेगा। मुझे पूरा यकीन है। हम उसकी बल्लेबाजी को लेकर चर्चा कर रहे हैं।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News