IPL 2026 Final से पहले रजत पाटीदार का बयान, बोले- मेरे लिए यह सिर्फ सामान्य मैच

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 12:27 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के फाइनल से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा है कि वह खिताबी मुकाबले के दबाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने दे रहे हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल से पहले पाटीदार ने इसे अपने लिए "एक सामान्य मैच" बताया।

डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई। अब टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

'लगातार दूसरे फाइनल में पहुंचना शानदार अहसास'

RCB द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में पाटीदार ने कहा, 'लगातार दूसरे फाइनल में पहुंचना शानदार अहसास है और यह वही मैदान है जहां पिछले साल की कई यादें जुड़ी हुई हैं। फाइनल बड़ा मंच जरूर है, लेकिन मेरे लिए यह एक सामान्य मैच की तरह है।'

उन्होंने कहा कि वह किसी भी बड़े मुकाबले को सामान्य तरीके से लेने की कोशिश करते हैं। पाटीदार के अनुसार, 'मैं हमेशा वर्तमान में रहना पसंद करता हूं। मैं यह नहीं सोचता कि यह फाइनल है या आगे क्या होगा। मैं नतीजों के बारे में नहीं सोचता, बल्कि सिर्फ मौजूदा पल पर ध्यान देता हूं।'

टीम के प्रदर्शन पर गर्व

RCB कप्तान ने पूरे सीजन टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि हर खिलाड़ी ने अपनी भूमिका बखूबी निभाई है। उन्होंने कहा, 'इस टूर्नामेंट में अब तक जिस तरह हमने खेल दिखाया है, उस पर हमें गर्व होना चाहिए। हर खिलाड़ी ने टीम के लिए योगदान दिया है और यह हमारे लिए बेहद सकारात्मक संकेत है।' पाटीदार ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम से जुड़ी यादों का जिक्र करते हुए कहा कि टीम यहां एक और सुनहरा अध्याय जोड़ना चाहती है। उन्होंने कहा, 'इस मैदान से हमारी शानदार यादें जुड़ी हैं और हम आने वाले दिनों में कुछ और यादगार पल बनाना चाहते हैं।'

एंडी फ्लावर ने भी जताया भरोसा

RCB के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने भी टीम की निरंतरता और मेहनत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे सीजन शानदार क्रिकेट खेली है और इसी का परिणाम है कि टीम लगातार दूसरे फाइनल में पहुंची है। फ्लावर ने कहा, 'इस मुकाम तक पहुंचने के लिए खिलाड़ियों ने काफी मेहनत, साहस और धैर्य दिखाया है। IPL जैसी कठिन लीग में शीर्ष पर रहना आसान नहीं होता, लेकिन अभी हमारा काम पूरा नहीं हुआ है।'

उन्होंने आगे कहा कि बड़े मुकाबलों में दबाव को संभालने का सबसे अच्छा तरीका चीजों को सरल बनाए रखना है। फ्लावर के अनुसार, 'जब दबाव बढ़ता है तो चीजों को सरल रखना जरूरी होता है और मुझे लगता है कि हमारे खिलाड़ी भी इसी सोच के साथ मैदान में उतरेंगे।' अब RCB की नजरें गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरा IPL खिताब जीतने पर होंगी। यदि बेंगलुरु ऐसा करने में सफल रहती है तो वह IPL इतिहास में लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने वाली तीसरी टीम बन जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News