IPL 2026: मैच के बीच ही फाइनल की रणनीति बना रहे थे रजत पाटीदार, जीत के बाद किया बड़ा खुलासा

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 11:39 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान Rajat Patidar ने IPL 2026 क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी कर टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में पाटीदार ने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन की विस्फोटक पारी खेली और RCB को 92 रन की बड़ी जीत दिलाई।

मैच के बाद पाटीदार ने खुलासा किया कि GT की पारी के दौरान ही वह IPL 2026 फाइनल की रणनीति पर काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर Romario Shepherd को उतारने का फैसला भी फाइनल को ध्यान में रखकर लिया गया था।

फाइनल की तैयारी के लिए रोमारियो शेफर्ड को दिया मौका

255 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस ने शुरुआती ओवरों में ही पांच विकेट गंवा दिए थे। मैच लगभग RCB की पकड़ में आ चुका था। इसी दौरान पाटीदार ने लेग स्पिनर सुयश शर्मा की जगह रोमारियो शेफर्ड को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा।

शेफर्ड ने सिर्फ एक ओवर डाला और उसमें 15 रन दिए। हालांकि पाटीदार ने साफ किया कि यह फैसला भविष्य की तैयारी का हिस्सा था। पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में पाटीदार ने कहा, 'मैं देखना चाहता था कि अगर हम फाइनल में पहुंचते हैं तो रोमारियो मिडिल ओवरों में कैसे गेंदबाजी करेंगे। इसी सोच के साथ उन्हें मौका दिया गया। अब हमारे पास रिकवरी का अच्छा समय है और हम फाइनल के लिए तैयार हैं।'

‘बॉडी लैंग्वेज’ पर टीम मीटिंग में हुई थी खास चर्चा

RCB कप्तान ने बताया कि मैच से पहले टीम मीटिंग में बल्लेबाजों की आक्रामक मानसिकता और सकारात्मक बॉडी लैंग्वेज पर खास जोर दिया गया था। उनका मानना था कि बड़े मुकाबले में विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाना बेहद जरूरी था।

पाटीदार ने कहा, 'हमारे पास कोई तय योजना नहीं थी, लेकिन हम यह दिखाना चाहते थे कि हम गेंदबाजों पर हमला करने आ रहे हैं। हर बल्लेबाज की बॉडी लैंग्वेज यही बता रही थी। टीम मीटिंग में हमने आक्रामक मानसिकता रखने की बात की थी। यह बड़ा मुकाबला था और जिस तरह हमने दबदबा बनाया, वह शानदार था।'

33 गेंदों में खेली कप्तानी पारी

पाटीदार ने अपनी पारी में 9 छक्के और 5 चौके लगाए। उनकी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर RCB ने 254/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। Virat Kohli समेत अन्य बल्लेबाजों ने भी टीम को तेज शुरुआत दिलाई। RCB की बल्लेबाजी के आगे गुजरात के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए और टीम प्लेऑफ इतिहास के सबसे बड़े स्कोरों में से एक बनाने में सफल रही।

‘मैं हमेशा गेंदबाजों पर दबाव बनाना चाहता हूं’

पाटीदार ने अपनी बल्लेबाजी शैली को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह कुछ गेंदें पिच को समझने के लिए लेते हैं और उसके बाद पूरी तरह आक्रामक हो जाते हैं। उन्होंने कहा, 'मेरी बल्लेबाजी का तरीका हमेशा एक जैसा रहता है। शुरुआत में मैं 8-10 गेंदें लेकर पिच और गेंद को समझता हूं। उसके बाद मेरा दिमाग बिल्कुल साफ रहता है कि मुझे कैसे खेलना है। मैं विकेट की ज्यादा चिंता नहीं करता, बल्कि हमेशा गेंदबाजों पर दबाव बनाना पसंद करता हूं।'

लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची RCB

इस जीत के साथ RCB लगातार दूसरी बार IPL फाइनल में पहुंच गई है। टीम अब अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने से सिर्फ एक कदम दूर है। बेंगलुरु की नजर अब IPL 2026 ट्रॉफी पर होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh