मदनलाल को हराकर रजत शर्मा बने DDCA के नए अध्यक्ष

punjabkesari.in Monday, Jul 02, 2018 - 02:32 PM (IST)

नई दिल्लीः वरिष्ठ पत्रकार और मशहूर टीवी हस्ती रजत शर्मा दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ(डीडीसीए) के नए अध्यक्ष बन गए हैं। रजत शर्मा पैनल ने इन चुनावों में प्रतिद्वंद्वी मदन लाल और विकास सिंह पैनल का पूरी तरह सूपड़ा साफ करते हुए सभी 12 सीटों पर अपना कब्जा कर लिया। डीडीसीए के 27 से 30 जून तक हुए चुनावों के बाद परिणामों की सोमवार को घोषणा की गई जिसमें रजत के पैनल ने पूरी तरह बाजी मार ली। 

रजत ने अध्यक्ष पद के दो अन्य उम्मीदवारों पूर्व क्रिकेटर मदन लाल और सीनियर वकील विकास सिंह को पराजित किया। अध्यक्ष पद के लिए रजत को मतदान किए गए वोटों का 54.40 फीसदी हिस्सा मिला। रजत को कुल 1521 वोट मिले जबकि मदनलाल को 1004, विकास सिंह को 232 और चौथे उम्मीदवार रवि गुप्ता को 26 वोट मिले। रजत की जीत पहले ही सुनिश्चित मानी जा रही थी और फिरोजशाह कोटला मैदान में उनके समर्थकों ने परिणाम आते ही जश्न मनाना शुरू कर दिया।  

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार और 1983 की विश्वकप विजेता टीम के सदस्य मदनलाल कोटला मैदान में मौजूद थे लेकिन तीसरे उम्मीदवार विकास सिंह डीडीसीए नहीं आए। परिणाम की घोषणा होते ही मदनलाल ने रजत को हाथ मिलाकर बधाई दी और डीडीसीए से चले गए। जैसे ही परिणाम सामने आया और रजत के अध्यक्ष बनने की घोषणा हुई फिरोजशाह कोटला मैदान में ढोल नगाड़े बजने लगे, आतिशबाजी होने लगी और मिठाइयां बांटी गईं। रजत को उनके समर्थकों ने फूल मालाओं से लाद दिया। रजत ने इस जीत के लिये अपने सभी समर्थकों को धन्यवाद दिया। रजत के अध्यक्ष बनते ही कोटला मैदान के बाहर उनका डीडीसीए के नये अध्यक्ष के रूप में एक नया बैनर भी लग गया जिसमें उनके साथ पूर्व डीडीसीए अध्यक्ष तथा केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली की तस्वीर लगी हुई थी।

बंसल को 1364 वोट मिले
उपाध्यक्ष पद के लिए रजत पैनल के सदस्य राकेश कुमार बंसल को 1364 वोट मिले जबकि इस पद के लिए खड़ी हुई बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना की पत्नी और मदनलाल पैनल की सदस्य शशि खन्ना को 1086 वोट मिले।  रजत पैनल के विनोद तिहारा 1374 वोट पाकर डीडीसीए के नए सचिव बन गए। उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी मंजीत सिंह को 998 वोट मिले। राजन मनचंदा 1402 वोट पाकर संयुक्त सचिव बने। उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी पुष्पेंद्र चौहान को 953 वोट हासिल हुये। ओपी शर्मा 1365 वोट के साथ कोषाध्यक्ष बन गये। उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी दीपक सिंघल को 1075 वोट मिले।  जाने माने क्रिकेट कोच संजय भारद्वाज डीडीसीए के नये निदेशक (क्रिकेट संचालन) बन गये। भारद्वाज को 1241 वोट हासिल हुये। इस पद के मुकाबले में मदनलाल पैनल की अंजलि शर्मा 891 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पहले एशिया कप के हीरो सुरिन्दर खन्ना 479 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। खन्ना विकास सिंह पैनल के सदस्य थे।  

Punjab Kesari