खेल रत्न पुरस्कार पाने वाली पहली महिला हॉकी प्लेयर बनेंगी रानी रामपाल

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2020 - 02:54 PM (IST)

नई दिल्ली : भारतीय हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल को प्रतिष्ठित खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। रानी केवल तीसरी और पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं जिनके नाम की सिफारिश इस सम्मान के लिए की गई है। रानी से पहले धनराज पिल्लै (2000) और सरदार सिंह (2017) को खेल रत्न पुरस्कार मिला था।
सूत्र बताते हैं कि रानी का नाम बाद में इसलिए जोड़ा गया क्योंकि कुछ सदस्य उनके नामांकन पर चर्चा चाहते थे। काफी विचार विमर्श के बाद हर किसी को लगा कि वह अपनी उपलब्धियों के कारण इस सम्मान की हकदार है। देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार खेल रत्न के लिए एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2019 की उपलब्धियों पर विचार किया गया।

इस दौरान रानी की अगुवाई में भारतीय टीम ने महिला एशियाई कप 2017 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की तथा 2018 में एशियाई खेलों में रजत पदक जीता। रानी ने एफआईएच ओलंपिक क्वालीफायर्स में भी अहम भूमिका निभायी तथा निर्णायक गोल किया जिससे भारत को तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में मदद मिली। यही नहीं टीम इस बीच अपनी सर्वश्रेष्ठ नौवीं रैंकिंग पर पहुंची।
इस साल के राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह का आयोजन कोविड-19 महामारी के कारण वर्चुअल होने की संभावना है। विजेता अपने संबंधित क्षेत्रों से लॉग इन करके 29 अगस्त को इस समारोह का हिस्सा बनेंगे। आम तौर पर इनका आयोजन राष्ट्रपति भवन में होता रहा है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन 29 अगस्त को देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।


खेल रत्न में पदक, प्रमाणपत्र और 7.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है। अर्जुन पुरस्कार में पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार तथा महाभारत के नायक अर्जुन की प्रतिमा दी जाती है। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में कोचिंग के लिये द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार भी दिये जाते हैं। प्रत्येक वर्ष राष्ट्रपति इन पुरस्कारों से खिलाडिय़ों को सम्मानित करते हैं।

पुरस्कार विजेताओं की सूची इस प्रकार है-

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार : रोहित शर्मा (क्रिकेट), विनेश फोगाट (कुश्ती), मनिका बत्रा (टेबल टेनिस), रानी रामपाल (हॉकी), मरियप्पन थंगवेलु (पैरा-एथलीट)।

अर्जुन पुरस्कार : इशांत शर्मा (क्रिकेट), अतनु दास (तीरंदाजी), दीपक हुड्डा (कबड्डी), दीपक ठाकुर (हॉकी), दिविज शरण (टेनिस), मीराबाई चानू (भारोत्तोलन), साक्षी मलिक (कुश्ती), आकाशदीप सिंह (हॉकी) , लोवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी), मनु भाकर (निशानेबाजी), सौरभ चौधरी (निशानेबाजी), मनीष कौशिक (मुक्केबाजी), संदेश झिंगन (फुटबॉल), दत्तू भोकानल (रोइंग), राहुल अवारे (कुश्ती), दुती चंद (एथलेटिक्स), दीप्ति शर्मा (क्रिकेट), शिवा केशवन (शीतकालीन खेल), मधुरिका पाटकर (टेबल टेनिस), मनीष नरवाल (पैरा निशानेबाज), संदीप चौधरी (पैरा एथलीट), सुयश जाधव (पैरा तैराक), चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी (बैडमिंटन), विशेष भृगुवंशी (बास्केटबॉल), अजय सावंत (टेंट पेगिंग), अदिति अशोक (गोल्फ), काले सारिका (खो खो), दिव्या काकरान (कुश्ती)।
 

Jasmeet