IPL 2026: RCB ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड, CSK के खिलाफ जड़े सबसे ज्यादा छक्के

punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 10:03 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में CSK की टीम 207 रन ही बना सकी। इस मैच में RCB ने 19 छक्के लगाकर CSK के खिलाफ एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी बना दिया।

टिम डेविड, पाटीदार और पडिक्कल की तूफानी पारियां

RCB की ओर से टिम डेविड ने सबसे शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 70 रन बनाए। वहीं देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। कप्तान रजत पाटीदार 19 गेंदों में 48 रन बनाकर नाबाद रहे। फिल सॉल्ट ने 30 गेंदों में 46 रन और विराट कोहली ने 18 गेंदों में 28 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत RCB ने 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और बाद में मैच 43 रन से जीत लिया।

RCB ने बनाया छक्कों का बड़ा रिकॉर्ड

इस मैच में RCB के बल्लेबाजों ने कुल 19 छक्के लगाए, जो चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ किसी भी टीम द्वारा एक आईपीएल मैच में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड 17 छक्कों का था, जो कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2018 में चेन्नई में बनाया था। राजस्थान रॉयल्स ने भी 2020 में शारजाह में 17 छक्के लगाए थे।

डेविड और पाटीदार की रिकॉर्ड साझेदारी

टिम डेविड और रजत पाटीदार ने चौथे विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 99 रन की नाबाद साझेदारी की। इस साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह RCB की ओर मोड़ दिया। टिम डेविड ने इस दौरान 8 छक्के लगाए, जबकि पाटीदार ने 6 छक्के जड़े।

CSK की तीसरी हार, 207 रन ही बना सकी टीम

251 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी CSK की शुरुआत खराब रही और टीम ने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए। सरफराज खान ने 25 गेंदों में 50 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, जबकि प्रशांत वीर ने 43 और जेमी ओवर्टन ने 37 रन बनाए, लेकिन टीम 207 रन तक ही पहुंच सकी और RCB ने मैच 43 रन से जीत लिया।

IPL में CSK के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के (एक मैच में)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – 19 छक्के, बेंगलुरु, 5 अप्रैल 2026
कोलकाता नाइट राइडर्स – 17 छक्के, चेन्नई, 10 अप्रैल 2018
राजस्थान रॉयल्स – 17 छक्के, शारजाह, 22 सितंबर 2020


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News