इस समय सूर्यकुमार यादव को T20I कप्तान के पद से हटाना सही नहीं, मुख्य चयनकर्ता ने दी चेतावनी
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 12:08 PM (IST)
नई दिल्ली : भारत के पूर्व विकेटकीपर और मुख्य चयनकर्ता MSK प्रसाद ने गुरुवार को पुरुषों की T20I टीम के कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार यादव को हटाने के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि इस समय ऐसा कदम उठाना सही नहीं होगा और चयनकर्ताओं को इसके बजाय अभी से युवा लीडर्स को तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए। इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में अर्धशतक लऔर USA के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मैच में मैच जिताऊ पारी खेलने के बावजूद सूर्यकुमार का प्रदर्शन लगातार अच्छा नहीं रहा है। उनकी कप्तानी में भारत के T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद IPL 2026 में सूर्यकुमार का फॉर्म और गिर गया, जहां वे 13 मैचों में 147.54 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 270 रन ही बना पाए जिसमें मात्र 2 अर्धशतक शामिल थे।
भारत के चयनकर्ता शनिवार को मुंबई में बैठक करने वाले हैं। इसमें आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों (26 और 28 जून को होने वाले) और उसके बाद इंग्लैंड में 1 से 11 जुलाई तक होने वाले पांच T20I मैचों के लिए टीम चुनी जाएगी। साथ ही श्रीलंका 'A' के खिलाफ दो रेड-बॉल मैचों के लिए भारत 'A' टीम भी चुनी जाएगी। ऐसे में T20I कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार का भविष्य चर्चा का मुख्य विषय होगा। उन्होंने कहा, 'देखिए, क्या आप अपनी पहली टीम भेज रहे हैं या दूसरी स्तर की टीम? यह सबसे बड़ी चिंता है। इसलिए, अगर वे पहली टीम भेज रहे हैं, तो मुझे लगता है कि सूर्या को नजरअंदाज करना सही नहीं होगा क्योंकि उन्होंने ही हमें एक और पुरुषों का T20 वर्ल्ड कप जिताया है।'
प्रसाद ने कहा, 'तो, आदर्श रूप से शायद अगले 5-6 महीनों में या अभी आपको अपने अगले लीडर्स के साथ तैयार होना होगा, है ना? टी20 वर्ल्ड कप जीतने तक अक्षर पटेल आपके उप-कप्तान थे। आदर्श रूप से अगर आप देखें, तो आपको युवा लीडर्स की ओर देखना होगा। इसलिए अगर आप ऐसे लीडर्स की पहचान कर सकते हैं और उन्हें सूर्या का उप-कप्तान बना सकते हैं, तो यह देखना अच्छा होगा। सूर्या एक शानदार खिलाड़ी हैं।'
प्रसाद ने माना कि सूर्यकुमार का फॉर्म कुछ समय से खराब रहा है, लेकिन उन्होंने उनके प्रति धैर्य रखने की अपील की। उन्होंने कहा, 'मुझे पता है कि पिछले 1-1.5 साल में उनका समय मुश्किल रहा है। बेशक, हमारे पास रजत पाटीदार जैसे और भी खिलाड़ी आ रहे हैं और वे भी अपनी जगह के हकदार हैं। तो, मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि इस स्टेज पर सूर्या को हटाना सही संकेत नहीं होगा। उन्हें कुछ सीरीज खेलने दें, और अगर उनका खराब फॉर्म जारी रहता है, तो आपके पास एक उप-कप्तान होगा जिसे आप कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप सकते हैं।'

