रिकी पोंटिंग की भविष्यवाणी, ये बल्लेबाज बनेगा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टॉप रन-स्कोरर
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 02:57 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज़ 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में होने जा रहा है। टूर्नामेंट से पहले जहां ज्यादातर क्रिकेट पंडित सूर्यकुमार यादव, ट्रैविस हेड जैसे बड़े नामों पर दांव लगा रहे हैं, वहीं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और आईसीसी हॉल ऑफ फेमर रिकी पोंटिंग ने एक चौंकाने वाली भविष्यवाणी की है।
पोंटिंग का मानना है कि भारत के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा इस मेगा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन सकते हैं।
रिकी पोंटिंग का बड़ा दावा
आईसीसी रिव्यू के ताज़ा एपिसोड में बात करते हुए रिकी पोंटिंग ने अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आईसीसी टूर्नामेंट्स का अनुभव न होना अभिषेक के लिए कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत साबित हो सकता है। 'अभिषेक एक स्टार खिलाड़ी है। सच कहूं तो अनुभव की कमी उसके लिए सकारात्मक है। वह इस टूर्नामेंट का टॉप रन-स्कोरर और यहां तक कि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बन सकता है,' — रिकी पोंटिंग
पोंटिंग ने आगे कहा, 'अगर वह चलता है तो भारत को हराना बेहद मुश्किल हो जाएगा। और अगर वह नहीं चलता, तो भारत भी बाकी टीमों की तरह कमजोर दिख सकता है। इस टी20 वर्ल्ड कप में वह भारत के लिए बेहद अहम खिलाड़ी है।'
अभिषेक शर्मा का पहला टी20 वर्ल्ड कप
अभिषेक शर्मा 2018 में भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 उनका पहला सीनियर वर्ल्ड कप होगा।
रिकी पोंटिंग ने आईपीएल के दौरान अभिषेक से अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए कहा, 'मैं उनका पहला आईपीएल कोच था। उन्होंने 17 साल की उम्र में मेरे साथ दिल्ली कैपिटल्स के लिए डेब्यू किया था। मुझे आज भी याद है, पहली ही गेंद पर उन्होंने गेंदबाज़ के सिर के ऊपर से चौका या छक्का मारा था।' पोंटिंग ने यह भी खुलासा किया कि वह अभिषेक को दिल्ली से ट्रेड करने के फैसले के सख्त खिलाफ थे। 'मैंने मैनेजमेंट से कई बार कहा था कि उसे मत जाने दो, यहां एक सुपरस्टार बन रहा है। और आज वही हो रहा है।'
टी20 वर्ल्ड कप से पहले शानदार फॉर्म
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 4 मैचों में 152 रन बनाए।
सीरीज के तीसरे मुकाबले में अभिषेक ने सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक जड़ा, जो भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में दूसरा सबसे तेज़ पचासा है। उनसे तेज़ सिर्फ युवराज सिंह का 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ लगाया गया 12 गेंदों का अर्धशतक है।
भारत की उम्मीदों की बड़ी कड़ी
25 वर्षीय अभिषेक शर्मा भारत के लिए एक्स-फैक्टर खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। टीम इंडिया अगर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने वाली पहली टीम बनना चाहती है, तो अभिषेक की भूमिका बेहद अहम होगी।
भारत को ग्रुप A में पाकिस्तान, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड्स के साथ रखा गया है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ करेगा।

