IPL 2026: जीत के बाद भी नाराज रिकी पोंटिंग, टीम की बड़ी गलतियों को किया उजागर
punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 10:35 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : Punjab Kings ने IPL 2026 में लगातार छह हार के बाद शानदार वापसी करते हुए Lucknow Super Giants को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ पंजाब की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बनी हुई हैं। हालांकि मैच जीतने के बावजूद टीम के मुख्य कोच Ricky Ponting खिलाड़ियों की फील्डिंग से खुश नजर नहीं आए। पोंटिंग ने मैच के बाद कहा कि खराब फील्डिंग की वजह से टीम ने LSG को जरूरत से करीब 20 रन ज्यादा दे दिए।
उन्होंने कहा, 'हमने मुश्किल रास्ता चुना, लेकिन आज जो जरूरी था वो किया। फील्डिंग फिर से काफी लापरवाह रही और हमने उन्हें 20 रन ज्यादा दे दिए।'
श्रेयस अय्यर की कप्तानी और शतक की तारीफ
पोंटिंग ने कप्तान Shreyas Iyer की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अय्यर पूरे सीजन रन चेज में टीम के लिए आगे आकर जिम्मेदारी निभाते रहे हैं। पोंटिंग ने कहा, 'शुरुआत में विकेट गिरने के बावजूद टीम ने बेहद शानदार तरीके से लक्ष्य का पीछा किया। श्रेयस ने पूरे सीजन ऐसा किया है। जब भी रन चेज की बात आई, उन्होंने आगे बढ़कर टीम को जीत दिलाई। यह उनका पहला IPL शतक है और हम इसका जश्न मनाएंगे।'
श्रेयस की लीडरशिप से प्रभावित पोंटिंग
रिकी पोंटिंग ने बताया कि उन्होंने ऑक्शन में श्रेयस अय्यर पर बड़ी रकम इसलिए खर्च की थी क्योंकि वह एक शानदार खिलाड़ी और परिपक्व कप्तान हैं। उन्होंने कहा, 'श्रेयस बेहद शांत और समझदार लीडर हैं। मैदान पर वह अपने इमोशंस को कंट्रोल में रखते हैं। टीम के खिलाड़ी उनका बहुत सम्मान करते हैं। जब वह टीम मीटिंग में बोलते हैं तो हर खिलाड़ी ध्यान से उनकी बात सुनता है।' पोंटिंग ने आगे कहा कि वह श्रेयस को भारतीय वनडे टीम में वापस देखकर खुश हैं और भविष्य में उन्हें भारतीय टी20 टीम में भी बड़ी भूमिका निभाते देखना चाहते हैं।
PBKS ने 18 ओवर में जीता मुकाबला
मैच में LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 196/6 का स्कोर बनाया। टीम के लिए जोश इंग्लिस ने 72 रन, आयुष बदोनी ने 43 रन और अब्दुल समद ने 37 रन की अहम पारियां खेलीं। इसके जवाब में पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही, लेकिन प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर ने मैच का पूरा रुख बदल दिया। प्रभसिमरन ने 69 रन बनाए, जबकि अय्यर ने सिर्फ 51 गेंदों में नाबाद 101 रन की विस्फोटक पारी खेली। PBKS ने लक्ष्य 18 ओवर में हासिल कर लिया।
अब कैसे प्लेऑफ में पहुंचेगी PBKS?
पंजाब किंग्स की टीम अब दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर है। अगर Rajasthan Royals मुंबई इंडियंस को हरा देती है तो PBKS टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। वहीं अगर राजस्थान हारती है तो Kolkata Knight Riders को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बड़ा अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।

