चोट से उबर रहे ऋषभ पंत का बड़ा बयान, बताया कब कर सकते हैं क्रिकेट मैदान पर वापसी

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 02:47 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपनी चोट से वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। जनवरी की शुरुआत से टीम से बाहर चल रहे पंत ने साफ किया कि वह जल्दबाजी नहीं करना चाहते और पूरी तरह फिट होकर ही मैदान पर लौटेंगे।

आंतरिक मांसपेशी की चोट से जूझ रहे हैं पंत

ऋषभ पंत को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे से पहले इंटरनल ओब्लिक मसल टियर हुआ था, जिसके चलते वह जनवरी से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच नवंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में था, जबकि घरेलू स्तर पर वह विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से खेलते नजर आए थे।

टीम इंडिया में पोजिशन पर असर

28 वर्षीय पंत फिलहाल टी20 और वनडे टीम में प्राथमिक पसंद नहीं रहे हैं, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में वह अब भी भारत के पहली पसंद के विकेटकीपर माने जाते हैं। लगातार चोटों ने उनके करियर की रफ्तार जरूर धीमी की है, लेकिन पंत का हौसला अब भी मजबूत है।

खुद को बेहतर बनाना है लक्ष्य

वर्ल्ड पिकल बॉल लीग के दौरान बातचीत में पंत ने कहा, 'एक क्रिकेटर के तौर पर आपको अपने खेल में लगातार कुछ न कुछ जोड़ते रहना होता है। मुझे अपने ओवरऑल गेम के हर पहलू में बेहतर बनने पर ध्यान देना है।'

फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत

पंत ने अपनी फिटनेस पर बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि उनकी हालत दिन-ब-दिन बेहतर हो रही है और वह जल्द ही मैदान पर लौटने की उम्मीद कर रहे हैं।

“मेरी फिटनेस लगातार सुधर रही है। मैं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कड़ी मेहनत कर रहा हूं और मुझे लगता है कि मैं जल्द ही मैदान पर वापसी करूंगा।”

चोट ने बदली सोच

लंबे ब्रेक को लेकर पंत ने कहा कि चोट के दौर ने उन्हें जिंदगी को नए नजरिए से देखने का मौका दिया। 'हर वापसी मुझे जिंदगी के बारे में कुछ नया सिखाती है। चोट के समय आपको एहसास होता है कि आप खेल को कितना मिस करते हैं। टॉप लेवल पर खेलना और उसका आनंद लेना—यही चीज मुझे सबसे ज्यादा याद आती है।'

विजय हजारे ट्रॉफी में रहा प्रदर्शन

घरेलू क्रिकेट में पंत ने विजय हजारे ट्रॉफी में छह पारियों में 212 रन बनाए थे, जिसमें दो अर्धशतक शामिल रहे। इसके बाद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम में चुना गया, लेकिन अभ्यास सत्र के दौरान चोट लगने के कारण वह सीरीज से बाहर हो गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News