IND vs SL: टेस्ट सीरीज से पहले धोनी के साथ पसीना बहा रहे ऋषभ पंत, वायरल हुई ट्रेनिंग की तस्वीर

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 01:31 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू कर दी है। पंत इन दिनों रांची में भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं। उनकी इस खास तैयारी की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

धोनी की देखरेख में कर रहे हैं अभ्यास

पूर्व भारतीय स्पिनर शाहबाज नदीम ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें एमएस धोनी, ऋषभ पंत और वह खुद नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर से साफ हो गया कि पंत आगामी टेस्ट सीरीज से पहले धोनी के मार्गदर्शन में अपने खेल को और बेहतर बनाने में जुटे हैं।

15 अगस्त से शुरू होगी श्रीलंका टेस्ट सीरीज

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम 15 अगस्त से श्रीलंका दौरे की शुरुआत करेगी। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा।

टेस्ट टीम में पंत की होगी अहम भूमिका

ऋषभ पंत भारतीय टेस्ट टीम के प्रमुख विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और श्रीलंका दौरे पर उनसे बड़ी पारियों की उम्मीद होगी। विकेटकीपिंग के साथ-साथ मध्यक्रम में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी टीम इंडिया के लिए अहम साबित हो सकती है।

श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News