IPL 2026: कमेंटेटर्स पर फूटा रियान पराग का गुस्सा, बोले- सिर्फ क्रिकेट की बात हो तो अच्छा है
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 01:31 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्कः राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने IPL 2026 में लगातार हो रही ऑफ-फील्ड चर्चाओं और विवादों पर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पराग ने कमेंटेटर्स और सोशल मीडिया ट्रोलर्स को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की निजी बातों के बजाय सिर्फ क्रिकेट पर चर्चा होनी चाहिए।
रियान पराग LSG के खिलाफ मुकाबले में हैमस्ट्रिंग चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। हालांकि उनकी गैरमौजूदगी में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। मैच के बाद पराग प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे और मौजूदा माहौल पर खुलकर बोले।
‘कमेंटेटर्स सिर्फ क्रिकेट की बात करें’
रियान पराग ने कहा कि इस सीजन क्रिकेट से ज्यादा मैदान के बाहर की बातों पर चर्चा हो रही है, जो सही नहीं है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं और लोगों को उनकी मेहनत को समझना चाहिए।
पराग ने कहा, 'इस साल IPL में मैदान के बाहर बहुत सारी बातें हो रही हैं। पूरा देश क्रिकेट से प्यार करता है और हम खिलाड़ी हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं। मैं कमेंटेटर्स से बस यही कहना चाहता हूं कि क्रिकेट से प्यार करें और सिर्फ क्रिकेट की बात करें।'
खिलाड़ियों को सम्मान देने की अपील
राजस्थान रॉयल्स कप्तान ने कहा कि क्रिकेट देश का सबसे बड़ा खेल है और खिलाड़ियों को थोड़ा सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी टीम के कम स्कोर पर आउट होने के बाद तुरंत खिलाड़ियों की मानसिकता पर सवाल उठाना सही नहीं है।
उन्होंने कहा, 'लोग कहते हैं कि टीम 75 या 80 रन पर ऑलआउट हो गई तो उन्हें खेलना नहीं आता। लेकिन उससे पहले खिलाड़ी कई दिनों तक तैयारी करते हैं कि कैसे 200-250 रन बनाए जाएं। कभी-कभी चीजें हमारे मुताबिक नहीं होतीं। हम भी इंसान हैं और हमसे भी गलतियां होती हैं।'
‘कीबोर्ड वॉरियर्स’ पर भी बोले पराग
सोशल मीडिया पर लगातार होने वाली आलोचना को लेकर भी पराग ने बेबाक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल में उन्होंने यह समझ लिया है कि लोग हमेशा बातें करेंगे, इसलिए अब वह इन चीजों को अपने खेल पर असर नहीं डालने देते।
पराग ने कहा, 'मैंने एक चीज समझ ली है कि चाहे मैं कुछ भी करूं, लोग बातें करेंगे। लेकिन अब मैं यह भी समझ गया हूं कि इन बातों का असर मेरे खेल, फॉर्म या मानसिकता पर नहीं पड़ना चाहिए, क्योंकि कीबोर्ड वॉरियर्स बाहर के लोग हैं।'
मुंबई इंडियंस के खिलाफ वापसी संभव
रियान पराग के मुंबई इंडियंस के खिलाफ अगले मुकाबले में वापसी करने की उम्मीद है। राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मैच करो या मरो जैसा होगा। अगर टीम मुंबई को हराने में सफल रहती है तो प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रहेंगी, जबकि हार के साथ टीम लगभग बाहर हो जाएगी।

