रोहित-रितिका मना रहे हैं शादी की चौथी सालगिरह, ऐसे शुरू हुई थी दोनों की लव स्टोरी

punjabkesari.in Friday, Dec 13, 2019 - 06:36 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और उनकी पत्नी रितिका सजदेह (Ritika Sajdeh) आज शादी (13 दिसम्बर 2015) की चौथी सालगिरह मना रहे हैं। इस खास मौके जहां रोहित और रितिका ने एक-दूसरे को अपने-अपने अंदाज में विश किया। वहीं उनके फैंस ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी और जी भर कर दोनों को इस खास दिन पर शुभकामनाएं दी। लेकिन क्या आप जानते हैं दोनों की लव स्टोरी कैसे शुरु हुई, तो आइए जानते हैं - 

रोहित शर्मा और रितिका सजदेह कैसे मिले 

शादी से पहले दोनों एक दूसरे को छह साल से जानते थे। रोहित और रितिका की पहली मुलाकात एख पेशेवर के तौर पर हुई थी। रितिका स्पोर्ट्स इवेंट मैनेजर है और वह रोहित की क्रिकेट व्यस्तताओं को अपने प्रबंधक के रूप में देखती थी। रितिका युवराज की बहन भी है। दोनों एक दूसरे से काफी मिलते थे। पहले तो ये मुलाकात काम के तौर पर ही होती थी लेकिन बाद में दोनों दोस्त बन गए। दोस्ती के बाद दोनों एक दूसरे को प्यार करने लगे और उन्होंने अपने इस रिलेशनशिप को शादी के बंधन में बांधने का फैसला लिया। 

रोहित शर्मा ने किस जगह किया था रितिका को प्रपोज 

छह साल तक एक दूसरे को डेट करने के बाद रोहित ने अपनी लेडी लव को ग्रैंड प्रपोजल के साथ सरप्रराइज देने की सोची। रोहित ने रितिका को अपनी स्पेशल जगह बोरिवली स्पोर्ट्स क्लब, मुंबई लेकर गए और घुटनों के बल बैठकर उन्हें अंगूठी के साथ शादी के लिए प्रपोज किया। ये वहीं ग्राउंड है जहां रोहित ने अपने क्रिकेट करियर की शुरूआत की थी। रितिका ने रोहित के प्रपोजल को स्वीकार कर लिया और इसके बाद दोनों ने शादी कर ली। दोनों की एक बेटी भी है जिसका नाम समायरा है। 

रोहित और रितिका ने खास अंदाज में दी एक-दूसरे को सालगिरह की बधाई 

आज दोनों की शादी को चार साल हो चुके हैं। रोहित ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, तुम्हारे बिना जीवन में आगे बढ़ने की कल्पना नहीं कर सकता। इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। मैं तुमसे प्यार करता हूं। वहीं रितिका ने रोहित को बधाई देते हुए अपनी शादी की एक फोटो शेयर की और लिखा, मेरे प्यार, सबसे मजबूत, काइंड, क्यूटेस्ट, कपल जिसे मैं जानती हूं को शादी की सालगिरह मुबारक। 

Sanjeev