तिलक वर्मा ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतकीय पारी का राज खोला, रोहित शर्मा को दिया श्रेय
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 08:15 PM (IST)
मुंबई : तिलक वर्मा ने IPL में शतक लगाकर अपनी फॉर्म में लौटने में मदद के लिए रोहित शर्मा को धन्यवाद दिया जिन्होंने मैच की स्थिति के बारे में ज्यादा सोचे बिना पहली 15-20 गेंदें खेलने के लिए कहा था। तिलक ने 101 रन बनाकर मुंबई इंडियंस को 99 रनों की बड़ी जीत दिलाई जिससे मुंबई इंडियंस ने अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार चार मैच हारने का सिलसिला तोड़ दिया। तिलक का 45 गेंदों पर बनाया गया नाबाद शतक, जिसमें आठ चौके और सात छक्के शामिल थे, एक धीमी शुरुआत के बाद आया जो एक समय 22 गेंदों पर 19 रन बनाकर खेल रहे थे।
तिलक ने कहा, 'मैं खास तौर पर रोहित भाई से बात कर रहा था। उन्होंने मुझसे कहा, '15-20 गेंदें खेलो' और 'तुम जानते हो कि तुम क्या कर सकते हो। (रोहित ने कहा) अगर तुम 15 गेंदें खेल लेते हो, तो हर कोई जानता है कि उसके बाद तुम क्या करोगे। बस स्थिति या किसी और चीज पर ध्यान मत दो, 15 गेंदें खेलो और हम देखेंगे कि नतीजा क्या होता है। इससे मुझे आत्मविश्वास मिला और मैंने अपने मन में ठान लिया कि मैं 15 गेंदें खेलूंगा और उसके बाद बाकी चीजें देखूंगा। जब मैंने वे 15 गेंदें खेल लीं, तो अपने आप ही वह सहज-ज्ञान आ गया कि अब मुझे मारना है।'
तिलक ने कहा कि IPL की खराब शुरुआत के बाद उन्होंने खुद पर कोई दबाव नहीं लिया जिसमें इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 20, 0, 14, 1 और 8 रन बनाए थे। तिलक ने कहा, '(कुछ मैचों में) मुझे विकेट पर ज्यादा समय नहीं मिला और मुझे शुरू से ही तेजी से खेलना पड़ा। कभी-कभी यह मेरे पक्ष में जाता है और कभी-कभी मैं आउट हो जाता हूं, इसलिए मैंने खुद पर ज्यादा (दबाव) नहीं लिया कि मैं अच्छी फॉर्म में नहीं हूं।'

