रोहित ने तोड़ा युवराज के छक्कों का रिकॉर्ड, मैच में और भी रिकॉर्ड बने हैं, जानें

punjabkesari.in Wednesday, Mar 14, 2018 - 10:24 PM (IST)

जालन्धर : विराट कोहली की गैरमौजूदगी में भारतीय टी-20 टीम की कमान संभाल रहे टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा के नाम पर टी-20 क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। बांगलादेश के खिलाफ अपनी 89 रन की पारी के दौरान रोहित ने पांच छक्के लगाए। इसी के साथ उन्होंने अपने छक्कों की संख्या 75 कर ली। ऐसा कर उन्होंने युवराज सिंह के टी-20 में 74 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

रैना की विकेट भारतीय क्रिकेटरों की 500वीं विकेट
47 रन बनाने वाले रैना के नाम पर एक अजीब रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ है। वह अब तक टी-20 में भारत की ओर से आऊट होने वाले 500वें क्रिकेटर थे। बता दें कि इंडिया के बल्लेबाज टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच आऊट (312) हुए हैं। इसमें 240 बार फील्डिरों से, 55 बार विकेटकीपरों से तो सात बार बॉलर को ही कैच थमाकर। सात ऐसे मौके आए जब इंडियन क्रिकेटर स्टंप आऊट हुए। एक बार हिट विकेट तो 49 बार इंडियन क्रिकेटर रन आऊट हुए हैं। (अब 50 रोहित का रन आऊट मिलाकर) एलबीडब्ल्यू की संख्या 29 है।

बिना विकेट खोए दस ओवर खेलने का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा और शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। धवन जब रूबल की गेंद पर बोल्ड हुए तो बांगलादेश टीम 9.5 ओवर फेंक चुकी थी। बता दें कि अब तक सात बार ऐसा हुआ है जब भारत के ओपनरों ने टी-20 में पहले दस ओवर में विकेट नहीं गंवाई। बांगलादेश के खिलाफ यह आठवां मौका हो सकता था लेकिन धवन के आऊट होने से यह रिकॉर्ड बन नहीं पाया।

बांगलादेश के खिलाफ लगातार 8वीं जीत
टी-20 क्रिकेट में टीम इंडिया को बांगलादेश की टीम बड़ी रास आती है। दोनों टीमें अब तक आठ टी-20 मैच में एक-दूसरे का मुकाबला कर चुकी हैं। इनमें भारत का रिकॉर्ड 100 प्रतिशत है। यानी भारत आठों मुकाबले जीत चुका है। दोनों टीम में पहला टी-20 2009 में खेला गया था। इसे भारत ने 25 रन से जीता था। 

बोनस में
भारत की ओर से सचिन तेंदुलकर ने सबसे पहले 1998 में वनडे क्रिकेट में 75 छक्के मारे थे। इसके बाद टेस्ट क्रिकेट में यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग ने यह रिकॉर्ड अपने नाम साल 2010 में किया था। अब टी-20 में रोहित ने अपने नाम यह रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है।