पाकिस्तान के खिलाफ 'हिटमैन' ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, डालें एक नजर

punjabkesari.in Thursday, Sep 20, 2018 - 12:29 PM (IST)

नई दिल्लीः 'हिटमैन' यानी रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 39 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 52 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने कई खास रिकाॅर्ड्स अपने नाम किए। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा को सौंपी गई है। 

बनाई अपने वनडे करियर की सबसे तेज फिफ्टी
हसन अली की गेंद पर चौका जड़ते ही रोहित ने अपने वनडे करियर की सबसे तेज फिफ्टी लगा दी। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी के लिए 36 गेंदों का सामना किया। इससे पहले रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 43 गेंदों में हाफ सेंचुरी बनाई थी। 

सबसे ज्यादा औसत वाले सलामी बल्लेबाज
रोहित इस समय दुनिया के सबसे ज्यादा औसत वाले सलामी बल्लेबाज हैं। कम से कम 50 पारियां खेलने वाले ओपनर्स में रोहित औसत के मामले में सबसे आगे हैं। 

रोहित शर्मा- 54.39   
हाशिम अमला- 50.10   
सचिन तेंदुलकर- 48.29   
शिखर धवन- 46.68   
ब्रायन लारा- 46.08   

तेज गति से छक्के मारने वाले तीसरे बल्लेबाज
रोहित तेज गति से छक्के मारने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में सबसे पहले नंबर पर पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी हैं, जो वनडे क्रिकेट में हर 26 गेंदों के बाद छक्का जड़ते थे। दूसरे नंबर पर ब्रैंडन मैक्कुलम हैं, जो 27 बॉल के बाद छक्का जड़ देते हैं। वहीं, रोहित हर 35 गेंदों में छक्का लगाते हैं। 

बतौर कप्तान ऐसा करना वाले बने पांचवें भारतीय खिलाड़ी
इसके अलावा, रोहित ने एक और खास उपलब्धि हासिल की। रोहित बतौर कप्तान पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच जीतने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। बिशन सिंह बेदी, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और एमएस धोनी के बाद यह कारनामा करने वाले रोहित भारत के पांचवें कप्तान बने।

एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ लगाए सर्वाधिक अर्धशतक
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले रोहित पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ इसी टूर्नामेंट की छह पारियों के दौरान रोहित ने चार बार हाफ सेंचुरी ठोकी। इनसे पहले कोई भी भारतीय कप्तान यह कारनामा करने में असफल रहा।

Mohit