कोहली की गैर-मौजूदगी में रोहित-धवन की मौज, तोड़ सकते हैं ये 5 बड़े रिकॉर्ड

punjabkesari.in Saturday, Feb 02, 2019 - 03:36 PM (IST)

जालन्धर (जसमीत) : भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मैच जब वेलिंगटन में खेलेगी तो सबकी नजरें रोहित  शर्मा और शिखर धवन पर जमी रहेंगी। अगर रोहित और धवन की जोड़ी इस मैच में चल गई तो वह निश्चित तौर पर क्रिकेट जगत के पांच बड़े रिकॉर्ड तोड़ेगी। इनमें से कुछ रिकॉर्ड तो ऐसे हैं जिसमें भारतीय दिग्गज सचिन, सहवाग और गांगुली तक का रिकॉर्ड पीछे छूट जाएगा। इस रिकॉर्ड को बनाने में रोहित-धवन को कोई मुश्किल भी नहीं आएगी क्योंकि टीम इंडिया की रिकॉर्ड मशीन विराट कोहली ब्रेक के चलते इस मैच में नहीं खेलेंगे। ऐसे में रोहित-धवन बड़े मजे से इस रिकॉर्ड की ओर बढ़ सकते हैं।

पहला : रोहित का न्यूजीलैंड के खिलाफ सर्वाधिक छक्कों का

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए वनडे मैच में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड अभी सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ 26 छक्के लगाए थे। अब रोहित पांचवें वनडे में दो ही छक्के और लगा गए तो वह सचिन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे। रोहित के नाम अभी न्यूजीलैंड के खिलाफ 25 छक्के लगाने का रिकॉर्ड है।

दूसरा : गंभीर को पीछे छोड़ सकते हैं धवन

शिखर धवन के पास भी गौतम गंभीर का बड़ा रिकार्ड तोडऩे का मौका होगा। दरअसल धवन अपने वनडे करियर में 5172 रन बना चुके हैं। उनसे आगे अभ गौतम गंभीर (5238) है। अगर धवन ने मात्र 67 रन बना लिए तो वह गंभीर से आगे निकलकर सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीयों की सूची में 12वें स्थान पर आ जाएंगे।

तीसरा : शतकीय साझेदारियों का

2011 विश्व कप के बाद से रोहित और धवन की जोड़ी भारतीय टीम के लिए ओपनिंग पर जोरदार परफार्मेंस दे रही है। दोनों अब तक चार हजार से ज्यादा रन जोड़ चुके हैं। इनमें 14 शतकीय साझेदारियां भी शामिल हैं। अगर वेलिंगटन में दोनों फिर से शतकीय साझेदारी करते हैं तो वह श्रीलंका के महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा के रिकॉर्ड (15 शतकीय साझेदारियां) की बराबरी कर लेंगे। बता दें कि वनडे क्रिकेट में गांगुली और सचिन के नाम सर्वाधिक 26 शतकीय साझेदारी करने का विश्व रिकॉर्ड है।

चौथा : रोहित तोड़ देंगे गांगुली का बड़ा रिकॉर्ड

जबरदस्त फॉर्म में चल रहे रोहित के पास वनडे करियर में 23वां शतक लगाने का मौका है। वेलिंगटन वनडे में अगर वह शतक लगा लेते हैं तो वह भारत की ओर से सर्वाधिक वनडे शतक लगाने के मामले में सौरव गांगुली (22 शतक) को पीछे छोड़ देंगे। बता दें कि सर्वाधिक शतकों के मामले में शिखर धवन और वीरेंद्र सहवाग संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। 

पांचवां : रोहित के पास सर्वाधिक छक्कों का

भारत के लिए सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में अभी रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी (215 छक्के) के साथ बराबरी पर चल रहे हैं। क्योंकि रोहित ओपनिंग पर आते हैं तो ऐसे में उनके पास धोनी से पहले यह रिकॉर्ड अपने नाम करने में आसानी होगी। 
(बता दें कि धोनी के नाम वैसे 222 छक्के दर्ज हैं, सात छक्के उन्होंने एशिया इलेवन की ओर से खेलते हुए बनाते थे, ऐसे में भारतीय टीम की ओर से लगाए गए उनके छक्कों की संख्या 215 ही है।)

Jasmeet