''शतक लगाकर विदाई लें रोहित'', रिटायरमेंट की अटकलों के बीच कपिल देव की खास सलाह

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 02:49 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे वनडे से पहले रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलें तेज हैं। हालांकि बीसीसीआई इन खबरों को खारिज कर चुका है। इस बीच भारत को पहला वनडे विश्व कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव ने रोहित के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि जब भी रोहित क्रिकेट को अलविदा कहें, उस दिन दुख नहीं बल्कि उनकी शानदार उपलब्धियों का जश्न मनाया जाना चाहिए।

'रोहित ने देश को खुशियां दी हैं'

नोएडा में कपिल देव-सुनील गुप्ता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के उद्घाटन के दौरान एएनआई से बातचीत में कपिल देव ने कहा कि हर खिलाड़ी को एक दिन क्रिकेट छोड़ना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और सचिन तेंदुलकर जैसे महान खिलाड़ी भी एक समय खेल से विदा हुए थे। कपिल ने कहा, 'दुख क्यों? उन्होंने हमें इतने सालों तक खुशियां दी हैं। जब भी वह जाएं, उनकी जिंदगी और करियर का जश्न मनाना चाहिए। उन्होंने सिर्फ भारत ही नहीं, पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों का मनोरंजन किया है।'

'शतक लगाकर विदाई लें'

1983 विश्व कप विजेता कप्तान ने रोहित शर्मा के लिए खास शुभकामना भी दी। उन्होंने कहा कि अगर रोहित संन्यास लेने का फैसला करते हैं तो वह अपने आखिरी मैच में शतक लगाकर यादगार विदाई लें। कपिल ने कहा, 'एक दिन तो उन्हें जाना ही है। अगर वह जा रहे हैं तो मेरी यही कामना है कि वह शतक लगाकर विदाई लें।'

रिटायरमेंट की अटकलें क्यों तेज हुईं?

39 वर्षीय रोहित शर्मा ने जून 2007 में आयरलैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। वह पहले ही टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में उनका बल्ला अब तक शांत रहा है। पहले दो मुकाबलों में उन्होंने 11 और 26 रन बनाए हैं। वहीं 2026 में अब तक खेले गए आठ वनडे मैचों में उनके नाम 241 रन हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 79 रन रहा है। हाल के खराब प्रदर्शन के बाद उनके वनडे भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं, लेकिन बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया साफ कर चुके हैं कि रोहित टीम इंडिया की योजनाओं का हिस्सा हैं और फिलहाल उनके संन्यास को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News