सौरव गांगुली ने किया साफ- आगामी T20 World Cup में खेलेंगे रोहित शर्मा, विराट कोहली

punjabkesari.in Tuesday, Jan 09, 2024 - 07:30 PM (IST)

खेल डैस्क : पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का कहना है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा टीम इंडिया का अहम अंग हैं और वह दोनों आगामी टी20 विश्व कप में टीम का हिस्सा होंगे। विराट और रोहित ने आखिरी बार टी20 मुकाबला पिछले टी20 विश्व कप के दौरान खेला था, ऐसे में उनकी भागीदारी अनिश्चितता पैदा कर रही थी। 

 

 

गांगुली ने एक प्रेस वार्ता के दौरान विराट और रोहित पर सवाल आने पर कहा कि दोनों वास्तव में टी20 विश्व कप के दौरान भारतीय जर्सी पहनेंगे। गांगुली बोले- उन्होंने विश्व कप में वास्तव में अच्छा खेला। वे भारतीय क्रिकेट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। विश्व कप नियमित श्रृंखला से भिन्न होते हैं। दबाव अधिक है। उन्होंने इस विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और उम्मीद है कि वेस्टइंडीज में छह से सात महीनों में वे फिर से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।

 

 

टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। मेगा इवेंट से पहले टीम की तैयारियों को परखने के लिए ये मैच अहम हैं। इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आधिकारिक तौर पर रोहित शर्मा को कप्तान बनाया है जबकि विराट कोहली भी टीम में बनाए हुए है। टीम के अहम सदस्य हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव और ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल है। ऐसे में रोहित पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।

 

 

 

रोहित शर्मा के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज काफी खास होने जा रही है। वह टी20 में 4 हजार रन पूरे कर सकते हैं। रोहित का अफगानिस्तान के खिलाफ वैसे भी प्रदर्शन स्तरीय रहा है। क्रिकेट विश्व कप 2023 के दौरान भी उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ तेजतर्रार शतक लगाया था। इसी तरह विराट कोहली जोकि क्रिकेट विश्व कप में 765 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामैंट बने, भी अफगानिस्तान के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी करते हैं। उम्मीद है कि वह इस सीरीज से कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ेंगे। 

Content Writer

Jasmeet