राउंडग्लास हॉकी अकादमी का जलवा बरकरार, लगातार दूसरी बार जीता अंडर-16 खिताब

punjabkesari.in Wednesday, Oct 08, 2025 - 04:40 PM (IST)

मोहाली: RGHA (राउंडग्लास हॉकी अकादमी) ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए एसएनबीपी ऑल इंडिया अंडर-16 बॉयज हॉकी टूर्नामेंट का खिताब एक बार फिर अपने नाम किया। पुणे के बालेवाड़ी महालुंगे में खेले गए फाइनल में आरजीएचए ने ओडिशा नेवल टाटा ग्रासरूट्स अकादमी को 3-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

विजेता टीम की ओर से प्रह्लाद पांडे ने दो गोल दागे, जबकि अर्शप्रीत सिंह ने एक गोल करते हुए टीम को खिताबी जीत दिलाई। ओडिशा नेवल टाटा की ओर से बिकाश मांझी ने एकमात्र गोल किया।

मैच की शुरुआत से ही आरजीएचए ने आक्रामक खेल दिखाया और 14वें मिनट में अर्शप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त दिलाई। हालांकि 34वें मिनट में बिकाश मांझी ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद आरजीएचए ने नियंत्रण दोबारा हासिल करते हुए 38वें और 53वें मिनट में प्रह्लाद पांडे के शानदार गोलों से जीत पक्की की।

टूर्नामेंट में अर्शदीप सिंह को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, जबकि वरिंदर सिंह को सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का पुरस्कार मिला।

सेमीफाइनल में आरजीएचए ने घुमनहेड़ा राइजर्स हॉकी अकादमी (नई दिल्ली) को 8-2 से हराया था। इस मैच में वरिंदर सिंह ने हैट्रिक लगाई, जबकि रोहित पाल और अर्शप्रीत सिंह ने दो-दो गोल किए।

क्वार्टरफाइनल में भी आरजीएचए का दबदबा कायम रहा, जहां उन्होंने जय हॉकी अकादमी को 9-0 से हराया। वरिंदर सिंह ने एक और हैट्रिक लगाई, जबकि रोहित पाल, प्रह्लाद पांडे, अर्शदीप सिंह, अर्जनदीप सिंह और अर्शप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया।

कोच विकास पाल के मार्गदर्शन में खेल रही यह युवा टीम पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही। ग्रुप चरण में भी उन्होंने वीर हॉकी अकादमी को 11-0 और इन्फिनिटी हॉकी अकादमी को 8-0 से हराते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News