राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर डगआउट में फोन क्यों इस्तेमाल कर रहे थे? रिपोर्ट में सामने आया सच

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 02:08 PM (IST)

नई दिल्ली : राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर को IPL मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करते देखे जाने के बाद हुए विवाद में एक नई जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक भिंडर मेडिकल कारणों से एहतियात के तौर पर फोन इस्तेमाल कर रहे थे। 

गुवाहाटी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ IPL 2026 मैच के दौरान ACA स्टेडियम में TV कैमरों में एक घटना लाइव कैद हुई। इसमें भिंडर को टीनएज लेफ्ट-हैंडेड ओपनर वैभव सूर्यवंशी के बगल में बैठे हुए एक डिवाइस इस्तेमाल करते दिखाया गया जबकि वैभव स्क्रीन की तरफ देख रहे थे। यह फुटेज बाद में वायरल हो गया और लीग के सख्त एंटी-करप्शन प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर सवाल खड़े हो गए। 

IPL के प्लेयर्स एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया (PMOA) के अनुसार एक टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम एरिया में फोन इस्तेमाल कर सकता है, लेकिन डगआउट में 'नहीं'। BCCI ने इस मामले में औपचारिक जांच शुरू कर दी है। 'द न्यू इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के अनुसार भिंडर एहतियात के तौर पर फोन अपने पास रखे हुए थे, क्योंकि अतीत में उनके दोनों फेफड़े कोलैप्स हो गए थे। उन्हें लगभग एक हफ्ते तक वेंटिलेटर पर रखा गया था जिसके बाद उन्हें ICU में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उन्होंने लगभग तीन हफ्ते बिताए थे। 

मेडिकल कारणों से फोन उनके पास था

रिपोर्ट में आगे एक सूत्र के हवाले से कहा गया है, 'रोमी को नियम-कानून पता हैं, लेकिन मेडिकल कारणों से वह फोन उनके पास था। इसके अलावा, प्रोटोकॉल के अनुसार डगआउट में मोबाइल फोन और लैपटॉप रखने की इजाजत है। एकमात्र समस्या उसका इस्तेमाल करना था, लेकिन फिर भी वह न तो किसी को कॉल कर रहे थे और न ही किसी का कॉल रिसीव कर रहे थे। वह बस अपने फोन पर स्क्रॉल कर रहे थे। उनके पास समय है और वह ACSU अधिकारियों को अपना पक्ष समझाने की कोशिश करेंगे।' 

रिपोर्ट में आगे कहा गया, 'हमें उम्मीद है कि ACSU अधिकारी किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले रोमी की मेडिकल स्थिति को ध्यान में रखेंगे। समस्या यह थी कि ड्रेसिंग रूम तक पहुंचने के लिए उन्हें लगभग 20 सीढ़ियां चढ़ने से पहले कम से कम 50 कदम चलना पड़ता था और डगआउट में वापस आने के लिए भी उन्हें यही करना पड़ता था। इसी वजह से उन्हें डगआउट में ही फोन चेक करना पड़ा होगा।' 

क्या कहता है नियम

टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार BCCI की एंटी-करप्शन और सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) के प्रमुख द्वारा नियुक्त दो BCCI एंटी-करप्शन मैनेजर PMOA के प्रबंधन के लिए जिम्मेदार होते हैं। उनकी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि उचित व्यवस्थाएं हों और सुरक्षा कर्मियों को पूरी जानकारी दी गई हो। चूंकि राजस्थान रॉयल्स सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करने वाला है इसलिए यह देखना बाकी है कि भिंडर PMOA क्षेत्र में नजर आते हैं या नहीं। भिंडर 2008 से राजस्तान के बैक-रूम स्टाफ के एक अभिन्न सदस्य रहे हैं और IPL में सूर्यवंशी के 'स्थानीय अभिभावक' के रूप में भी काम करते हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News