ऋतुराज गायकवाड़ ने इस खिलाड़ी को बताया CSK की बल्लेबाजी की रीढ़

punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 03:30 PM (IST)

नई दिल्ली : ऋतुराज गायकवाड़ ने संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की बल्लेबाजी की रीढ़ बताया। मंगलवार को दिल्ली में सैमसन की नाबाद 87 रन की पारी की बदौलत सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हराया। IPL 2026 में अपनी नई फ्रेंचाइजी के लिए यह सैमसन का तीसरा 80 से ज्यादा रन का स्कोर था। खास बात यह रही कि जब भी उन्होंने 40 रन का आंकड़ा पार किया है, CSK ने मैच जीता है। 

यह फॉर्म 2026 टी20 विश्व कप के अंतिम चरण से जारी है। उस विश्व कप के दौरान सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे और भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। ऋतुराज ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कहा, 'बल्लेबाजी के बारे में बात करूं तो मैं यही कहूंगा कि विश्व कप और अभी जिस तरह का टूर्नामेंट संजू ने खेला है, उसके बाद टीम में उनका होना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। अब वह हमारी बल्लेबाजी की रीढ़ हैं।' 

सैमसन की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी पहचान उनकी स्थिरता रही है, लेकिन विश्व कप की शुरुआत में वह गायब दिखी। क्रीज में ज्यादा पीछे जाकर खड़े होने की उनकी शुरुआती मूवमेंट उन्हें फुल लेंथ गेंदों के खिलाफ कमजोर बना रही थी। हालांकि उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वाटर्रफाइनल जैसे मुकाबले में नाबाद 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर उन समस्याओं से पार पाया और उसके बाद उनका खेल फिर से पटरी पर लौट आया। आख़रि सैमसन ने यह बदलाव कैसे किया? 

मैच के बाद सैमसन ने कहा, 'हम हमेशा यह समझने की कोशिश करते हैं कि आपके लिए सबसे बेहतर क्या काम करता है। फिर आप बेसिक्स पर टिके रहते हैं और इस फ़ॉर्मेट में अपने हाथों पर भरोसा करते हैं। पिछले दो-तीन महीनों से मैं यही करने की कोशिश कर रहा हूं। मैंने अपनी शुरुआती मूवमेंट पर थोड़ा काम किया है और उसका फ़ायदा मिल रहा है।' 

उन्होंने आगे कहा, 'मैं पिछले तीन से पांच साल से ऐसा कर रहा हूं। क्रीज में पीछे रहना मुझे सहज महसूस कराता है। बल्लेबाज़ी के दौरान आपका माइंडसेट और आत्मविश्वास काफ़ी हद तक इसी पर निर्भर करता है। साथ ही यह एक रणनीतिक कदम भी है। गेंदबाज़ और पिच के हिसाब से मैं अपनी पोज़ीशन में थोड़ा बदलाव करता रहता हूं।' 

CSK अब 10 अंकों के साथ प्वाइंट टेबल में छठे स्थान पर है। हालांकि दूसरे से पांचवें स्थान पर मौजूद टीमों से वह सिर्फ दो अंक पीछे है। अब उनकी नजर अगले दो मुकाबलों पर होगी, जो सबसे निचले स्थान पर मौजूद लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लगातार खेले जाएंगे। ये मैच 10 मई और 15 मई को घर और बाहर दोनों जगह होंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News