फ्रेंच ओपन जीतने पर सचिन तेंदुलकर ने नडाल को दी बधाई, कहा- अविश्वसनीय उपलब्धि है

punjabkesari.in Monday, Jun 06, 2022 - 11:08 AM (IST)

पेरिस : किंग ऑफ क्ले के नाम से मशहूर राफेल नडाल ने रविवार को फ्रेंच ओपन फाइनल में कैस्पर रुड को 6-3, 6-3, 6-0 से हराकर रोलां गैरो में अपनी बादशाहत कायम रखते हुए 14वीं चैंपियनशिप और कुल मिलाकर 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के बाद नडाल को विश्व भर से बधाईयां मिल रही हैं जिसमें एक और नाम शामिल हो गया है। कोई और नहीं बल्कि क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने नडाल को फ्रेंच ओपन जीतने पर बधाई दी है। 

नडाल की जीत के बाद क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने ट्रॉफी के साथ नडाल की फोटो शेयर करते हुए ट्वीट किया, वहां जाना और 36 साल की उम्र में रिकॉर्ड 14वां फ्रेंच ओपन और 22वां ग्रैंड स्लैम जीतना एक अविश्वसनीय उपलब्धि है, बधाई। सचिन के अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटरों वीरेंद्र सहवाग, पूर्व कोच रवि शास्त्री और हरभजन सिंह ने भी उन्हें इस बड़ी और खास उपलब्धि पर बधाई दी है। 

पूर्व भारतीय मुख्य कोच रवि शास्त्री ने ट्वीट किया, आधुनिक युग का हरक्यूलिस जो सिर्फ गर्म मिट्टी के बर्तन में पिघलेगा नहीं। आपको सलाम। 

वहीं सहवाग ने ट्वीट करते हुए लिखा, किंग ऑफ क्ले, क्या चैंपियन है, नडाल। रोलैंड गारोस नंबर 14। 

दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने ट्वीट किया, एक सच्चा चैंपियन। वह लौटेगा! और राफा तो राफा है। हमेशा जमीन से जुड़े रहें, चाहे परिणाम कुछ भी हो। खेल जगत के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा! मुझे आशा है कि सभी युवा देख रहे होंगे। 

पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने भी ट्विटर का नडाल की सहारा की और लिखा, "क्या मैच था। 14वें फ्रेंच ओपन को जीतने के लिए पूरी तरह से दबदबा बनाया। नजाल आप अविश्वसनीय हैं! बधाई। 

Content Writer

Sanjeev