सचिन तेंदुलकर का बेन स्टोक्स के लिए इमोशनल पोस्ट, बोले- ''मैदान से दूर रहना सबसे मुश्किल होगा''
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 12:38 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर और पूर्व टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद क्रिकेट जगत लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहा है। इसी कड़ी में भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी स्टोक्स के लिए भावुक संदेश साझा किया। सचिन ने स्टोक्स को इंग्लैंड के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में से एक बताते हुए उनके जज्बे, कप्तानी और दबाव में शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।
सचिन ने स्टोक्स की जमकर की सराहना
सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'मैंने हमेशा इस बात की प्रशंसा की है कि तुमने खेल में कितनी ऊर्जा भरी। तुम्हारी सकारात्मक सोच, निडर रवैया और दबाव के क्षणों में मैच का रुख बदलने की क्षमता हर बार अलग नजर आती थी। एक ऑलराउंडर के तौर पर तुम इंग्लैंड के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक रहे हो और कप्तान के रूप में तुम्हारी साहसी रणनीतियों तथा खेल को पढ़ने की क्षमता ने टीम को नई पहचान दी।'
'मैदान से दूर रहना सबसे मुश्किल होगा'
सचिन ने अपने संदेश के अंत में स्टोक्स के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए लिखा, 'तुम्हारी नई पारी के लिए ढेरों शुभकामनाएं। लेकिन मैं जानता हूं कि तुम्हारे लिए क्रिकेट के मैदान से दूर रहना शायद सबसे मुश्किल होगा। आने वाले सफर के लिए शुभकामनाएं।'
विदाई टेस्ट में भी दिखाया दम
स्टोक्स ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के चौथे दिन ड्रेसिंग रूम में अपने संन्यास की घोषणा की थी। इसके बाद ट्रेंट ब्रिज में दर्शकों को जैसे ही उनके फैसले की जानकारी मिली, उन्होंने अगली ही गेंद पर विकेट लेकर यादगार पल बना दिया। 372 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्टोक्स ने बेन डकेट के साथ पारी की शुरुआत की और महज 20 गेंदों में 30 रन की तेज पारी खेली, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल थे।
हार के साथ खत्म हुआ करियर
हालांकि स्टोक्स की विदाई जीत के साथ नहीं हो सकी। इंग्लैंड की पूरी टीम 212 रन पर सिमट गई और न्यूजीलैंड ने तीसरा टेस्ट 160 रन से जीतकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इस हार के बाद इंग्लैंड विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंकतालिका में सातवें स्थान पर बना हुआ है। टीम ने 13 टेस्ट में आठ मैच गंवाए हैं और स्लो ओवर रेट के कारण अंक कटने से उसका जीत प्रतिशत 24.36 रह गया है।
शानदार रहा स्टोक्स का टेस्ट करियर
35 वर्षीय बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड के लिए 122 टेस्ट मैच खेले। उन्होंने 34.46 की औसत से 7,273 रन बनाए, जिसमें 14 शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में उन्होंने 252 विकेट हासिल किए, जिनमें छह बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। कप्तान के रूप में स्टोक्स ने 44 टेस्ट में इंग्लैंड की अगुआई की, जिसमें टीम ने 24 मुकाबले जीते, 18 हारे और दो मैच ड्रॉ रहे।
अब कौन बनेगा इंग्लैंड का नया टेस्ट कप्तान?
स्टोक्स के संन्यास के बाद इंग्लैंड के अगले टेस्ट कप्तान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पाकिस्तान के खिलाफ 19 अगस्त से शुरू होने वाली तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में नई कप्तानी देखने को मिल सकती है। फिलहाल हैरी ब्रूक सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं और खुद बेन स्टोक्स भी उन्हें अपना उत्तराधिकारी बता चुके हैं।

