IPL 2026: क्वालिफायर-2 में मैच जिताऊ पारी के दम पर साई सुदर्शन ने कोहली के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी की
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 11:31 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुल्लांपुर के न्यू पीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम की जीत में अहम योगदान दिया और इसी दौरान विराट कोहली के एक बड़े रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।
सुदर्शन ने खेली मैच जिताऊ पारी
215 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस को शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई। बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। उन्होंने 181.25 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। हालांकि 13वें ओवर में बृजेश शर्मा की गेंद पर वह हिट-विकेट होकर आउट हो गए, लेकिन तब तक गुजरात की जीत की नींव रख चुके थे।
विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी
इस अर्धशतक के साथ साई सुदर्शन ने आईपीएल के एक सीजन में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने के विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। आईपीएल 2026 में सुदर्शन अब तक 8 अर्धशतक और 1 शतक लगा चुके हैं। वहीं विराट कोहली ने आईपीएल 2025 में 8 अर्धशतक लगाए थे। आईपीएल इतिहास में अब तक केवल यही दो भारतीय बल्लेबाज एक सीजन में 8 या उससे ज्यादा अर्धशतक लगाने में सफल रहे हैं।
IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा अर्धशतक
9 - डेविड वॉर्नर, सनराइजर्स हैदराबाद, 2016
8 - केन विलियमसन, सनराइजर्स हैदराबाद, 2018
8 - डेविड वॉर्नर, सनराइजर्स हैदराबाद, 2019
8 - फाफ डु प्लेसिस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 2023
8 - विराट कोहली, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 2025
8 - साई सुदर्शन, गुजरात टाइटंस, 2026*
7 - क्रिस गेल, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 2012
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम है, जिन्होंने 2016 में 9 अर्धशतक लगाए थे। अब सुदर्शन के पास फाइनल में इस रिकॉर्ड की बराबरी या उसे तोड़ने का मौका होगा।
फाइनल में RCB से भिड़ेगी गुजरात
राजस्थान रॉयल्स को हराने के बाद गुजरात टाइटंस अब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल खेलेगी। क्वालिफायर-1 में RCB ने गुजरात को बड़े अंतर से हराया था। ऐसे में शुभमन गिल की टीम के पास फाइनल में हिसाब बराबर करने और दूसरी बार आईपीएल खिताब जीतने का सुनहरा अवसर होगा।

