IPL 2026: इस खिलाड़ी की धमाकेदार पारी से CSK की बड़ी जीत, पूर्व इंग्लैंड कप्तान ने की जमकर तारीफ
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 12:06 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराया। दिल्ली द्वारा दिए गए 156 रन के लक्ष्य को CSK ने 15 गेंद बाकी रहते आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ CSK ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की है।
संजू सैमसन की मैच जिताऊ पारी
इस मुकाबले के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने नाबाद 87 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 52 गेंदों में 7 चौके और 6 छक्के लगाए और टीम को जीत तक पहुंचाया। उनकी इस बेहतरीन पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
ईयोन मॉर्गन ने की जमकर तारीफ
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ईयोन मॉर्गन ने सैमसन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता था कि उनका स्तर और ऊपर जा सकता है, लेकिन इस पारी ने उनकी वैल्यू और बढ़ा दी है। वह अपने प्रदर्शन से ही जवाब देते हैं।' मॉर्गन ने सैमसन की लीडरशिप की भी तारीफ की और कहा कि उन्होंने शांत अंदाज में रन चेज को शानदार तरीके से संभाला।
अकेल हुसैन की किफायती गेंदबाजी
CSK के स्पिनर अकेल हुसैन ने भी मैच में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन देकर 1 विकेट लिया और पावरप्ले में दिल्ली की रनगति पर ब्रेक लगाया। उन्होंने बताया कि पावरप्ले में गेंदबाजी करते समय आक्रामक बल्लेबाजों के खिलाफ आत्मविश्वास और सही रणनीति जरूरी होती है।
दिल्ली की बल्लेबाजी रही फीकी
दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी इस मैच में खास प्रभाव नहीं छोड़ सकी। टीम 20 ओवर में 155 रन ही बना पाई, जिससे CSK को आसान लक्ष्य मिला। शुरुआत में विकेट गिरने और साझेदारी न बनने से टीम दबाव में आ गई।
पॉइंट्स टेबल में CSK की स्थिति
इस जीत के बाद CSK ने 10 मैचों में 5वीं जीत दर्ज की और अब टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है।

