संगाकारा या गांगुली : स्मृति मंधाना के कोच ने बताया- वह किसकी तरह परफैक्ट टाइमिंग करती हैं

punjabkesari.in Tuesday, Feb 01, 2022 - 02:28 PM (IST)

खेल डैस्क : स्मृति मंधाना के बचपन के कोच अनंत तांबवेकर का कहना है कि 25 साल की खिलाड़ी ने कड़ी मेहनत से अपना खेल संवारा है। इसी कारण वह साल की सर्वश्रेष्ठ आईसीसी महिला क्रिकेटर का खिताब जीतने में सफल रही। अनंत ने कहा कि स्मृति दो दिग्गज बल्लेबाजों कुमार संगकारा और सौरव गांगुली की कॉम्बिनेशन हैं। 13 साल से मंधाना को ट्रेनिंग दे रहे तांबवेकर ने कहा कि उनकी शिष्य की टाइमिंग संगकारा से मिलती है। वह ऑफ साइड में खेलना पसंद करती हैं।

तांबवेकर ने कहा- शुरूआत में स्मृति की टाइमिंग संगकारा जैसी थी। दोनों में बहुत समानताएं हैं। अब उसका ऑफ साइड पर खेल दमदार हो गया है जो बिलकुल सौरव गांगुली जैसा लगता है। संगकारा और गांगुली की कॉम्बिनेशन है स्मृति मंधाना। संगकारा जैसे गेंद पर टाइमिंग करते हैं स्मृति भी ठीक वैसा ही करती है। इस समय स्मृति शानदार लय में हैं। वह आगामी महिला विश्व कप 2022 में प्रभाव छोड़ सकती है। 

तांबवेकर ने इस दौरान प्रत्येक दौरे से पहले स्मृति की तैयारियों पर भी बात की। उन्होंने कहा- वह जब ऑस्ट्रेलिया जा रही थी तो गीली टेनिस गेंद से अभ्यास किया करती थी। जब इंगलैंड जाना होता था तो वह तो सुबह जल्दी अभ्यास करती हैं क्योंकि यूके में काफी ठंड होती है। स्थितियों से सामंजस्य बिठा पाने के कारण ही वह इतने रन बना लेती है। इसी कारण वह विश्व रैंकिंग में टॉप-10 में शामिल हैं। बता दें कि स्मृति मंधाना अब फरवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीमित ओवर सीरीज में नजर आएंगी। भारतीय महिला टीम यहां पांच वनडे और एक टी-20 मैच खेलेगी।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व फील्डिंग कोच बीजू जॉर्ज ने तो स्मृति मंधाना को कप्तान बनाने की बात की थी। जॉर्ज ने स्मृति के नेतृत्व क्ष्मता पर बात करते हुए कहा था कि वह मिताली राज की जगह ले सकती हैं। शायद वह ही आदर्श दावेदार हैं। वह सभी प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन करती है। वह प्रतिभाशाली होने के साथ दिमागदार भी है और विवादों से भी दूर रहती हैं। 

Content Writer

Jasmeet