भारतीय फाइटर ने अर्जेटीना में रचा इतिहास, 1 मिनट 45 सेकंड में जीती MMA फाइट
punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 11:50 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के MMA फाइटर Sangram Singh ने Buenos Aires में इतिहास रच दिया। वह अर्जेंटीना की धरती पर MMA फाइट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। उन्होंने फ्रांस के फाइटर Florian Coudier को हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
1 मिनट 45 सेकंड में जीती फाइट
यह मुकाबला ब्यूनस आयर्स के टाइग्रे स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेला गया, जहां संग्राम सिंह ने 16 साल छोटे फ्लोरियन को सिर्फ 1 मिनट 45 सेकंड में हराया। इस जीत में उनकी रेसलिंग तकनीक ने अहम भूमिका निभाई।
MMA में लगातार तीसरी जीत
संग्राम सिंह की यह लगातार तीसरी MMA जीत है। इससे पहले उन्होंने जॉर्जिया के त्बिलिसी और नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम में भी फाइट जीती थी। वह कॉमनवेल्थ हेवीवेट चैंपियन भी रह चुके हैं।
जीत के बाद संग्राम सिंह का बयान
जीत के बाद संग्राम सिंह ने कहा, 'मेरे लिए जीत या हार मायने नहीं रखती, मैं या तो जीतता हूं या सीखता हूं। मैं हमेशा कहता हूं कि जुनून की कोई उम्र नहीं होती। मेरा सपना था कि मैं अर्जेंटीना में जीतने वाला पहला भारतीय बनूं और आज मेरा सपना पूरा हो गया।'
कोच को दिया जीत का श्रेय
संग्राम सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच को दिया। उन्होंने कहा, 'मैं अपने कोच भूपेश का धन्यवाद करता हूं, जो पिछले 25 साल से मेरे साथ हैं। उन्होंने मेरी सफलता के लिए दिन-रात मेहनत की।'
रेसलिंग तकनीक से जीता मैच
संग्राम ने फाइट के दौरान फ्लोरियन की किक पकड़कर उन्हें गिराया और फिर रेसलिंग तकनीक का इस्तेमाल करते हुए चोक लगाकर मैच अपने नाम कर लिया। रेफरी के तीन बार पूछने के बाद फ्लोरियन ने हार मान ली।

