संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष, बृजभूषण सिंह के हैं करीबी

punjabkesari.in Thursday, Dec 21, 2023 - 03:24 PM (IST)

नई दिल्ली : बृज भूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बन गए हैं। उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष संजय सिंह का अध्यक्ष पद के चुनाव में राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अनीता श्योराण से मुकाबला था। 

संजय डब्ल्यूएफआई की पिछली कार्यकारी परिषद का हिस्सा थे। वह 2019 से राष्ट्रीय महासंघ के संयुक्त सचिव भी थे। दूसरी तरफ श्योराण को देश के चोटी के पहलवानों का समर्थन हासिल है जिन्होंने बृजभूषण पर महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक तथा विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता विनेश फोगाट सहित कई शीर्ष पहलवानों ने बृजभूषण के खिलाफ जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन किया था। 

संजय के डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष का चुनाव जीतने से पहले बृजभूषण ने उनकी जीतने की बात कही थी। उन्होंने कहा, ‘आज 11 महीने बाद चुनाव हो रहे हैं। जहां तक संजय का सवाल है तो उन्हें पुराने महासंघ का प्रतिनिधि माना जा सकता है। संजय सिंह का चुनाव जीतना तय है। मैं उनसे जल्द से जल्द अनुकूल खेल माहौल बनाने और किसी भी नुकसान की भरपाई करने का आग्रह करता हूं।' 

बृजभूषण के पुत्र प्रतीक और उनके दामाद विशाल सिंह चुनाव में भाग नहीं लिया क्योंकि बृजभूषण के परिवार या उनके किसी सहयोगी को चुनाव में उतरने की अनुमति नहीं देने की मांग की थी। बृजभूषण ने कहा, ‘जैसे कहा गया था कि मुझे अपने परिवार को चुनाव में शामिल नहीं करना चाहिए। इसलिए मैंने अपने परिवार से किसी भी व्यक्ति को चुनाव के लिए नामित नहीं किया।' 

Content Writer

Sanjeev