T20 World Cup 2026 : 321 रन बनाकर संजू सैमसन बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, लेकिन नहीं मिला एक भी पैसा, जानें वजह
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 06:43 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्कः संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 321 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। हालांकि इतनी शानदार उपलब्धि के बावजूद उन्हें इस अवॉर्ड के साथ कोई नकद इनाम नहीं मिला। भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीत लिया। टीम इंडिया की इस जीत में संजू सैमसन का योगदान बेहद अहम माना जा रहा है।
टीम से बाहर रहने के बाद भी बने हीरो
दिलचस्प बात यह है कि टूर्नामेंट की शुरुआत में संजू सैमसन को चार मैचों तक प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठाया गया था। उस समय उनकी क्षमता पर कई लोगों ने सवाल उठाए थे। लेकिन जब उन्हें मौका मिला तो उन्होंने अपने बल्ले से सबको जवाब दे दिया। सैमसन के टीम में आने के बाद भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरी तरह बदल गया और टीम खिताब जीतने में सफल रही।
ऐसे किया शानदार प्रदर्शन
संजू सैमसन को टूर्नामेंट में पहला मौका नामीबिया टीम के खिलाफ मैच में मिला। इस मैच में उन्होंने तेज 22 रन बनाकर अपने इरादे जाहिर किए। इसके बाद ज़िम्बाब्वे टीम के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 24 रनों की तेज पारी खेली। लेकिन उनका असली कमाल करो या मरो वाले मैच में देखने को मिला, जब उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड टीम के खिलाफ भी उनका बल्ला खूब चला और उन्होंने 89 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
फाइनल में भी सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 रनों की पारी खेली और भारत की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।
टी20 वर्ल्ड कप में बनाया बड़ा रिकॉर्ड
संजू सैमसन ने इस टूर्नामेंट में शानदार रिकॉर्ड भी बनाए। उन्होंने सिर्फ 5 मैचों में 321 रन बनाए और उनका औसत 80.2 रहा। इसके साथ ही स्ट्राइक रेट 199.37 का रहा। उन्होंने लगातार तीन अर्धशतक लगाए।
300 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा रहा। इसके अलावा सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 24 छक्के लगाए। उन्होंने चार अलग-अलग मैचों में पहले ओवर में छक्का लगाकर खाता खोलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया।
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने पर भी नहीं मिला पैसा
हालांकि इतने शानदार प्रदर्शन के बावजूद संजू सैमसन को इस अवॉर्ड के साथ कोई नकद इनाम नहीं मिला। दरअसल International Cricket Council यानी ICC प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जैसे व्यक्तिगत अवॉर्ड के साथ पैसा नहीं देती। ICC केवल विजेता खिलाड़ी को ट्रॉफी देती है। यह ट्रॉफी जीतना हर खिलाड़ी का सपना होता है और सैमसन ने इसे हासिल कर लिया।
अवॉर्ड जीतने के बाद क्या बोले संजू सैमसन
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने के बाद संजू सैमसन ने कहा कि उनका सपना पूरा हो गया है और वह बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद से ही वह सोच रहे थे कि एक दिन ऐसा प्रदर्शन करेंगे जिससे टीम को जीत मिले। सैमसन ने यह भी बताया कि न्यूजीलैंड सीरीज के बाद उनकी बल्लेबाजी फॉर्म खराब हो गई थी, जिससे उन्हें लगा कि उनका सपना शायद पूरा नहीं हो पाएगा। लेकिन आखिरकार उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिला और उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया।

