IND vs SL: कौन बनेगा साई सुदर्शन का रिप्लेसमेंट? इस खिलाड़ी को मिल सकता है मौका
punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 03:50 PM (IST)
नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को एक और बड़ा झटका लगा है। युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद उनके सीरीज से बाहर होने की संभावना बढ़ गई है। ऐसे में BCCI अब उनके रिप्लेसमेंट को लेकर फैसला करने की तैयारी में है और एक खिलाड़ी का नाम सबसे आगे चल रहा है।
BCCI सूत्रों के मुताबिक, सरफराज खान को साई सुदर्शन की जगह भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, अभी अंतिम फैसला BCCI की ओर से लिया जाना बाकी है। एक BCCI सूत्र ने ANI से कहा, 'सरफराज खान के आगामी श्रीलंका टेस्ट सीरीज में चोटिल साई सुदर्शन की जगह लेने की संभावना है।'
साई सुदर्शन फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। उन्होंने बल्लेबाजी और फील्डिंग ड्रिल्स में हिस्सा भी लिया है, लेकिन माना जा रहा है कि वह 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाएंगे। सुदर्शन भारतीय टीम के साथ श्रीलंका के लिए रवाना होने वाली फ्लाइट में भी शामिल नहीं हुए थे। इसी वजह से वह 8 अगस्त से कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ खेले जा रहे तीन दिवसीय अभ्यास मैच का हिस्सा भी नहीं बन सके।
गिल की चोट ने भी बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता
साई सुदर्शन की चोट के अलावा कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर भी भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई है। अभ्यास सत्र के दौरान गिल की दाईं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी थी। एहतियात के तौर पर उन्हें श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ अभ्यास मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतारा गया।
BCCI ने अपडेट जारी करते हुए कहा, 'कप्तान शुभमन गिल को गुरुवार को भारत के अभ्यास सत्र के दौरान दाईं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी। एहतियात के तौर पर वह SLC XI के खिलाफ अभ्यास मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे। BCCI की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कप्तानी करेंगे।'
बुमराह समेत कई खिलाड़ी पहले ही बाहर
भारत को श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले कई खिलाड़ियों की चोट से जूझना पड़ रहा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाए हैं और वह इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह चयन समिति ने एक्विब नबी को टीम में शामिल किया है। इसके अलावा हर्षित राणा और नितीश कुमार रेड्डी भी क्रमशः हैमस्ट्रिंग और क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। वॉशिंगटन सुंदर शुरुआती टेस्ट से हैमस्ट्रिंग समस्या के कारण बाहर हो गए हैं, जबकि आकाश दीप पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन से उबर रहे हैं।
ऐसे में साई सुदर्शन के संभावित रिप्लेसमेंट के तौर पर सरफराज खान की एंट्री भारतीय टीम के लिए अहम हो सकती है। हालांकि, BCCI की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत इस समय ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। टीम ने नौ मैचों में चार जीत और चार हार दर्ज की हैं, जबकि उसका पॉइंट्स प्रतिशत 48.150 है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज भारत के WTC अभियान के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होगी।

