17 गेंदों में तूफानी फिफ्टी, टीम इंडिया से बाहर चल रहे बल्लेबाज ने चयनकर्ताओं को दिया करारा संदेश

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 01:06 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: जहां एक ओर शुभमन गिल की अगुआई में भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेल रही है, वहीं टीम इंडिया से बाहर चल रहे बल्लेबाज सरफराज खान ने मुंबई टी20 लीग में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर ली हैं। सरफराज ने महज 21 गेंदों में 62 रन ठोककर चयनकर्ताओं का ध्यान एक बार फिर अपनी ओर खींच लिया।

इस दौरान उन्होंने टूर्नामेंट के सबसे तेज अर्धशतक के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। हालांकि उनकी शानदार पारी के बावजूद उनकी टीम आकाश टाइगर्स MWS को हार का सामना करना पड़ा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने बनाया बड़ा स्कोर

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 194 रन बनाए। कप्तान रहाणे ने 12 गेंदों में 15 रन बनाए, लेकिन आयुष वार्तक ने 41 गेंदों पर 83 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। वार्तक की पारी में तीन चौके और सात छक्के शामिल रहे, जिसकी बदौलत पैंथर्स ने आकाश टाइगर्स के सामने 195 रनों का लक्ष्य रखा।

ओपनिंग में उतरे सरफराज, गेंदबाजों की लगाई क्लास

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आकाश टाइगर्स MWS ने सभी को चौंकाते हुए सरफराज खान को ओपनिंग के लिए भेजा। आमतौर पर मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने वाले सरफराज ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए।उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टूर्नामेंट में सबसे तेज फिफ्टी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

21 गेंदों में 62 रन, फिर भी टीम को नहीं मिली जीत

सरफराज ने 21 गेंदों में 62 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। हालांकि उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नतीजतन आकाश टाइगर्स MWS की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 172 रन ही बना सकी और मुकाबला 22 रनों से हार गई।

टेस्ट टीम में वापसी का इंतजार जारी

सरफराज खान ने आखिरी बार 2024 में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेला था। इसके बाद से वह राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे हैं। हालांकि घरेलू क्रिकेट में उनका बल्ला लगातार रन उगल रहा है और IPL 2026 में भी वह चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे।

इसके बावजूद उन्हें अभी तक भारतीय टेस्ट टीम में वापसी का मौका नहीं मिला है। सरफराज ने भारत के लिए खेले 6 टेस्ट मैचों में 371 रन बनाए हैं, जबकि प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम 62 मैचों में 5,114 रन दर्ज हैं। उनकी ताजा पारी ने एक बार फिर चयनकर्ताओं के सामने उनकी दावेदारी मजबूत कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News