IPL के बीच अर्शदीप सिंह को झटका, BCCI ने तेज गेंदबाज को दे दिया कड़ा आदेश

punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 09:22 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बीच पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह से BCCI ने सोशल मीडिया के लिए व्लॉगिंग बंद करने को कहा है। यह विवाद उनके टीम के साथी युजवेंद्र चहल के एक फ़्लाइट में कथित तौर पर ई-सिगरेट इस्तेमाल करने के मामले के बाद सामने आया है। अर्शदीप के हालिया व्लॉग के एक हिस्से को लेकर तब बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोप लगाया कि टीम के अहमदाबाद से हैदराबाद जाते समय चहल विमान के अंदर ई-सिगरेट का इस्तेमाल कर रहे थे। 

इस मामले पर न तो खिलाड़ी और न ही फ़्रैंचाइजी ने टिप्पणी की है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि BCCI ने अर्शदीप को टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों के दौरान व्लॉग पोस्ट करने से परहेज करने का निर्देश दिया है। यह पहली बार नहीं है जब IPL 2026 ई-सिगरेट विवाद की चपेट में आया है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर हाल ही में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीते कैमरे में पकड़े गए थे और उन पर मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया था। 

इससे पहले शुक्रवार को BCCI ने 10 IPL फ़्रैंचाइज़ियों के लिए 7 पन्नों की गाइडलाइंस जारी कीं, जिसमें उन्हें लीग के दौरान टारगेटेड हनी-ट्रैपिंग के संभावित खतरों के बारे में चेतावनी दी गई थी। बोर्ड ने कहा कि वह लीग के व्यापक रेगुलेटरी फ्रेमवर्क और ऑपरेशनल गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए बिना किसी पूर्व सूचना के "सरप्राइज़ चेक" करेगा। 

निर्देश के अनुसार सैकिया ने कहा कि टीम के किसी भी सदस्य के कमरे में किसी को भी प्रवेश करने की अनुमति नहीं है, चाहे उस व्यक्ति का खिलाड़ी या अधिकारी के साथ कोई भी संबंध क्यों न हो, जब तक कि टीम मैनेजर को इसकी पहले से जानकारी न हो और उनकी मंजूरी न मिली हो। सभी फ्रैंचाइजियों को भेजे गए अपने संदेश में सैकिया ने कहा है कि "BCCI / IPL ऑपरेशन टीम इस एडवाइजरी में दिए गए निर्देशों के पालन का आकलन करने के लिए समय-समय पर जांच कर सकती है। टीम मैनेजरों को सभी मंजूर मेहमानों के दौरे और होटल में उनकी आवाजाही का रिकॉर्ड रखना जरूरी है।' 

BCCI ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के ख़िलाफ़ सख़्त रुख़ अपनाते हुए कहा है कि जो कोई भी इस तरह के आचरण में लिप्त पाया जाएगा, उस पर लागू कानूनी फ्रेमवर्क के तहत एक संज्ञेय अपराध का मामला बनेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News